छपरा-सीवान रेल खण्ड पर सवारी गाड़ी की चपेट में आकर युवक की मौत

एकमा : पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में छपरा-सीवान रेल खण्ड पर मंगलवार को एक युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह वारदात छपरा-एकमा रेलखंड पर टेकनिवास रेलवे स्टेशन के समीप समपार संख्या 52 सी के निकट हुई। सवारी गाड़ी संख्या 55010 भटनी-छपरा सवारी गाड़ी से गिरने के बाद एक युवक चलती ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर राजकीय रेल पुलिस पहुंची। इसके बाद शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम हेतु ले जाया गया।
युवक के शव की शिनाख्त एकमा पुलिस अंचल के दाउदपुर थाना इलाके के इनायतपुर गांव निवासी ओमप्रकाश प्रसाद के 18 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में की गई है।