मांझी में ताड़ के पेड़ से गिरकर एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत

मांझी(सारण) : मांझी थाना क्षेत्र के बहोरन सिंह के टोला गांव में मंगलवार की सुबह ताड़ के पेड़ से गिरकर एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक का नाम राजकिशोर चौधरी 50 वर्ष बताया जाता है। मौत की खबर मिलते ही पत्नी उर्मिला देवी व अन्य परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे। वह अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसे छः पुत्रियां व दो पुत्र है। चार पुत्रियों की शादी हो चुकी हैं। मृतक ताड़ी बेचकर तथा ठेला चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। घटना के बाद उसके दरवाजे पर जमा भीड़ ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को बीच सड़क पर रखकर लगभग एक घण्टे तक छपरा मांझी मुख्य मार्ग पर आवगमन ठप्प कर दिया। बाद में स्थानीय विधायक बिजय शंकर दुबे द्वारा टेलीफोनिक बातचीत में अनुग्रह राशि दिलाये जाने के आश्वासन तथा थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा द्वारा समझाने बुझाने के बाद जाम समाप्त हो गया। मौके पर पूर्व जिप सदस्य पंकज सिंह अर्जुन राम शैलेश यादव विजय चौधरी आदि बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। जहां मांझी पश्चिमी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राहुल गुप्ता ने मृतक के आश्रित को कबीर अंत्येष्टी योजना के तहत मिलने वाला तीन हजार रुपया प्रदान किया।ततपश्चात पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया।