छपरा। नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में छपरा नगर निगम समेत जिले के मशरक, कोपा एवं मांझी नपं चुनाव वुधवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। जिलाधिकारी निर्वाचन पदाधिकारी (न)-सह- जिला पदाधिकारी सारण राजेश मीणा एवं पुलिस अधीक्षक सारण संतोष कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से नगर पालिका आम निर्वाचन 2022 के द्वितीय चरण में नगर निगम छपरा के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी के द्वारा मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए मतदान कर्मियों एवं मतदाताओं का उत्साहवर्धन भी किया गया । जिलाधिकारी ने मतदाताओं से फीडबैक भी प्राप्त किया। उन्होंने निर्वाचन अभिकर्ताओं से बातचीत कर उनका भी फीडबैक प्राप्त किया।विभिन्न मतदान केंद्रों पर विधि व्यवस्था के संधारण हेतु पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी,पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थीं। मतदाताओं की थर्मल स्कैनिंग भी कराई जा रही थी। मतदान के लिए मतदाताओं की लंबी कतार सुबह से ही मतदान केंद्रों पर देखी गई। मतदान हेतु मतदाता अत्यधिक उत्साहित देखे गए। क्विक मेडिकल रिस्पांस के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी आपात स्थिति के लिए की गई थी।

छपरा में पुरुष मतदाता तो मशरक, कोपा एवं मांझी में महिला मतदाताओं ने दिखाया दम :

ज़िले के चार नगर निकायों के चुनाव में सुबह से ही वोट डालने के लिए लोग कतारों में खड़े थे। लेकिन छपरा में पुरुष तो मशरक, कोपा एवं मांझी में महिला मतदाताओं ने दम दिखाया।शाम पांच बजे तक जो आंकड़ा मिला उसमें छपरा नगर निगम क्षेत्र में पुरुष 46.98%, महिला 45.49% कुल मतदान 46.28%, मशरक में पुरुष 53.09, महिला 60.05% कुल मतदान 57.08%, कोपा में पुरुष 52.93, महिला 63.19 कुल मतदान 57.59% एवम् मांझी में पुरुष 55.24% महिला 66.39% कुल मतदान 60.51 मतदाताओं ने वोट डाले ।