चाइनीज हैंड ग्रेनेड के साथ नक्सली गिरफ्तार, बड़ी घटना को अंजाम देने की थी योजना
नवादा जिले के गायघाट में हुई पुलिस नक्सली मुठभेड़ में भी था शामिल …
#रिपोर्ट – सन्नी भगत

जमुई :
पुलिस ने खैरा थाना क्षेत्र के करवातरी गांव से चाइनीज हैंड ग्रेनेड के साथ एक नक्सली को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली की पहचान चकाई थाना के राजाडमर निवासी राकेश मरांडी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इसके पास से पांच जिंदा कारतूस, नक्सली साहित्य, चाइनीज हैंडग्रेनेड एवं डेटोनेटर भी पुलिस ने बरामद किया है।

गिरफ्तारी की पुष्टि करते थानाध्यक्ष दलजीत झा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर राकेश मरांडी की गिरफ्तारी संभव हो पाई है। गिरफ्तार नक्सली सिद्धू कोडा दस्ते के सक्रिय सदस्य है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नक्सली अपने साथियों के साथ मिलकर आने वाले दिनों में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने वाले थे। इसके खिलाफ खैरा थाना में एक मामला भी दर्ज है।
थानाध्यक्ष दलजीत झा ने यह भी बताया कि बीते दिनों नवादा जिले के गायघाट में हुई पुलिस नक्सली मुठभेड़ में भी यह शामिल था तथा इसने अपनी संलिप्तता स्वीकार भी की है। उन्होंने बताया कि उस के समीप से 302 बोर का पांच जिंदा कारतूस, एक चाइनीज हैंड ग्रेनेड, नक्सली साहित्य, नक्सली पत्रिका सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। नक्सली को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।