परवेज अख्तर/ सिवान। पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने कर्तव्यहीनता के आरोप में गोरेयाकोठी थानाध्यक्ष पंकज कुमार ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं गोरेयाकोठी के उप थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार को थाने की प्रभार में कमान सौंपी गई है। गोरेयाकोठी थानाध्यक्ष पंकज ठाकुर पर एसपी की नजर उसी दिन से टेढ़ी हो गई थी जब एसपी थाने का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उस दिन सिसई गांव निवासी रिटायर्ड हेडमास्टर व्यासदेव सिंह ने अपनी समस्या एसपी को बताई थी। व्यासदेव सिंह ने कहा कि न्यायालय के आदेश के बाद प्रशासन ने उन्हें जमीन पर दखल-कब्जा तो दिलवा दिया। लेकिन जब वे जमीन पर जाते हैं तो असामाजिक तत्त्व हमले पर उतारू हो जाते हैं। उस दिन के नए घटना के बारे में बताया कि वे पुलिस की सुरक्षा लेकर जमीन पर पौधारोपण करने पहुंचे थे। तभी हमलावरों ने मारपीट और अन्य घटनाओं को अंजाम दिया। इस मामले में दुबारा हुई मारपीट की घटना और आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं करना पुलिस अधीक्षक को नागवार गुजरा। इधर व्यासदेव सिंह ने मामले को लेकर कई अधिकारियों से गुहार लगाई। उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं होने की बात पुलिस अधीक्षक को भी बताते हुए थानाध्यक्ष पर पक्षपात करने का आरोप लगाया था। महाराजगंज एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन ने बताया कि थानाध्यक्ष को निलंबित कर मनोरंजन कुमार को प्रभार दिया गया है।निलंबन अवधि में पंकज ठाकुर पुलिस लाइन में रहेंगे।