छपरा में दोहरी हत्या से सनसनी–
  

फाइल फोटो में बाएं अमरेन्द्र सिंह और दाई ओर शंभूनाथ सिंह

दैनिक खोज खबर/छपरा (सारण)। शहर में अपराधियों ने एक बार फिर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए मंगलवार देर शाम को दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों में गोदरेज शोरूम के ऑनर व सामाजिक कार्यकर्ता अमरेंद्र सिंह व उनके रिश्तेदार शंभूनाथ सिंह बताएं जा रहे हैं।
       जानकारी के मुताबिक, दोनों बाइक से अपने घर शहर के उमानगर लौट रहे थे। इसी दौरान साढ़ा ढाला–प्रभुनाथ नगर रोड में टेलीफोन एक्सचेंज के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और सिर व सीने में ताबड़तोड़ गोलियां मार दीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। खबर जिले में आग की तरह फैली, सहसा लोगों को घटना पर विश्वास नहीं हो रहा था। जो जहां सुना हतप्रभ रह गया। काफी संख्या में लोग बदहवास हालत में दौड़ कर अस्पताल पहुंचे। वहीं भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना से व्यवसायिक जगत में दहशत का माहौल है। अस्पताल पहुंचने वालो लोगों को अपने को खोने का एक तरफ गम था तो प्रशासन के खिलाफ आक्रोश भी झलक रहा था। मालूम हो कि जिले में बेलगाम अपराधियों के मंसूबा इस कदर बढ़ा है कि दिन दहाड़े घटना को अंजाम दे फरार हो जा रहे हैं। एक दिन पहले एकमा बाजार में स्वर्ण व्यवसाई के यहां लूटपाट के दौरान फायरिंग में दुकानदार जख्मी हो गया। वहीं लगभग एक पखवाड़ा पहले छपरा शहर में ही दो युवकों की मॉब लिंचिंग में बुरी तरह पिटाई में एक की मौत हो गई थी।