गुठनी में डीपीएम ने किया जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ का उदघाटन

✍परवेज अख्तर/सिवान;

गुठनी(सिवान)
प्रखंड परियोजना प्रबंधक आमोद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला परियोजना प्रबंधक ने सागर सी०एलएफ के कार्यालय का उदघाटन फिता काटकर तथा समारोह का उदघाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर पर सीओ राकेश कुमार, जीविका के नोडल पदाधिकारी सानू कुमार, एसआई अनिरुद्ध सिंह व सीएलएफ से जुड़े 26 ग्राम संगठनों के सैकड़ों कार्यकारणी पदाधिकारी, सामुदायिक प्रेरक एवं जीविका दीदियां उपस्थित रही। संकुल उदघाटन के पहले गुठनी के बलुआ बाजार, गुठनी पश्चिमी व बसुहारी गांव में सतत जीविकोपार्जन के तहत संपोषित योजना अंतर्गत अति गरीब जीविका दीदीयों के दुकानों का उदघाटन भी डीपीएम द्वारा किया गया। जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक राकेश कुमार नीरज ने सागर जीविका महिला कलस्टर लेवल फैडरेशन के कार्यालय उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा ग्रामीण निर्धनता के विरूद्ध संघर्ष की दिशा में सागर जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ तेनुआ, गुठनी एक सशक्त सामुदायिक संगठन के रूप में कार्य करेगी तथा इनके अधीनस्थ ग्राम संगठनों को सामुदायिक निवेश निधि, सामान्य ॠण, सदस्यों में क्षमता संवर्धन का लाभ मिलेगा। समूह से जुड़े सदस्यों के युवकों एवं युवतियों के कौशल विकास एवं नियोजन, सदस्यों को आजीविका के लिए पारंपरिक व गैर पारंपरिक क्षेत्रों में कार्य के साथ ही बैंको एवं सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं से संबंध स्थापित कर सरकार के कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सुनिश्चित करने में सहायक होगी। सागर जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ के सचिव गायत्री देवी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम महिलाएं पहले अपने घर का संचालन करती थी, परंतु जीविका के स्वयं सहायता समूह एवं ग्राम संगठन से जुड़ते हुए अब कलस्टर लेवल फैडरेशन का संचालन कर रही है जो महिला सशक्तिकरण का मिशाल है।