कांस्टेबल को घायल करने के आरोप मे दो युवकों के खिलाफ पुलिस ने किया मामला दर्ज
ग्रामीणों ने मामले को फर्जी बताया
सविता उपाध्याय
बुढ़ाना/मुज़फ्फरनगर 17 जून। बुढ़ाना पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ कांस्टेबल को डंड़ा मारकर घायल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है, जबकि ग्रामीण मामले को फर्जी बता रहे हैं।
कोतवाली क्षेत्र गांव शाहडब्बर के प्रधान अतरसिंह का पुत्र छोटू अपने साथी संजीव पुत्र देशपाल के साथ शुक्रवार शाम को गांव उमरपुर में मजदूरों को काम के लिए तय करने गए थे। करीब आठ बजे जब दोनों वापस आए तो पुलिस ने चौकी के सामने उमरपुर गेट पर दोनों युवकों को रोक लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों ने उनके साथ गाली गलोच की और एक युवक ने डंड़ा मारकर कांस्टेबल राहुल झा को घायल कर दिया। वहीं ग्राम प्रधान के पुत्र छोटू का आरोप है कि पुलिस ने रोक कर उन्हें गाली दी थी, जब पुलिस को उन्होंने बताया कि वह प्रधान का बेटा छोटू है और गाली देने से मना किया तो कांस्टेबल राहुल झा व उसके साथी ने उन पर डड़़ों से हमला कर दिया। छोटू ने बताया कि सिपाही राहुल के सिर में उसके साथी सिपाही का डंड़ा लगा है, जिसका आरोप हम पर लगाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार राहुल ने घटना की सूचना कप्तान को दी, कप्तान के आदेश पर कोतवाली प्रभारी डीके त्यागी, शाहपुर एसओ व रतनपुरी एसओ के साथ-साथ एसपी देहात भी रात को ही मौके पर पहुंचे और सिपाही पर हमला करने के आरोप में दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस की इस कार्रवाई पर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
पहले भी विवादों में रहा है कांस्टेबल राहुल झा
प्रधान पति अतरसिंह ने बताया कांस्टेबल राहुल झा पहले भी कई बार विवादों में रह चुका है। आरोप है कि राहुल पहले थाना फुगाना में किसी युवती के साथ छेड़छाड़ के मामले में विवादित रहा था, जिसको लेकर उसका तबादला बायवाला चौकी थाना बुढ़ाना में हुआ था। आरोप है कि बायवाला चौकी पर भी राहुल झा ने एक पत्रकार के साथ मारपीट की थी। पत्रकार के साथ हुई मारपीट में कोतवाली प्रभारी डीके त्यागी ने मीडिया कर्मियों को आश्वासन दिया था कि राहुल को तीन दिन के अंदर लाइन में भेज देंगे, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल बायवाला चौकी से आरोपी सिपाही को उमरपुर चौकी पर भेजा गया। जहां पर कांस्टेबल राहुल का डंड़ा शांत नहीं हुआ और इस बार प्रधान के बेटे व उसके साथी पर ही चार्ज कर दिया। आरोप है कि कोतवाली प्रभारी इस सिपाही को बचा रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस की इस कारगुजारी पर प्रश्र चिन्ह लगाते हुए भविष्य में किसी अनहोनी की आशंका जताई है।




Recent Comments