एकमा में बाइक व ट्रेन की टक्कर में दो युवकों की मौत, द बर्निंग ट्रेन बनने से बची ग्वालियर मेल

दैनिक खोज खबर, एकमा :

वाराणसी मंडल के छपरा सिवान रेलखण्ड पर अवस्थित एकमा व महेन्द्रनाथ हॉल्ट के बीच हुवे हादसे में दो युवकों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हो गयी। वही इस हादसे के कारण ग्वालियर से चलकर बरौनी जानेवाली ग्वालियर मेल द बर्निंग ट्रेन होने से बाल बाल बच गयी।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आमडाढी रेलवे क्रॉसिंग के निकट निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के नीचे से दो युवक अपनी मोटरसाइकिल निकालने का प्रयास कर रहे थे। वे रेल ट्रैक को पार करते इसके पूर्व ही डाउन साइड की ट्रैक पर ग्वालियर मेल आ गयी। इस ट्रेन की चपेट में आने से दोनो युवकों की मौत घटनास्थल पर हो गयी वहीं ग्वालियर मेल के इंजन में फंसकर बाइक करीब 2 किलोमीटर तक घिसटती हुई एकमा स्टेशन के निकट 68 नम्बर ढाले तक आ गयी। हादसे के बाद बाइक के ट्रेन के इंजन में फंसने के कारण बाइक में आग लग गयी वही ट्रेन का इंजन भी इस आग की चपेट में आ जाता यदि ड्राइवर ने ट्रेन न रोका होता। एकमा रेलवे स्टेशन के निकट 24 नम्बर पॉइंट ओआर जैसे ही ट्रेन रुकी रेलवे फाटक का गेटमैन बाल्टी में पानी लेकर दौड़ा। स्थानीय लोगो की मशक्कत व ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा रेल हादसा टल गया। लोगो ने फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी मगर उसके आने के पहले ही आग पर काबू पाया जा चुका था।

इस घटना की वजह से डाउन साइड की ट्रैक पर ट्रेनो का परिचालन प्रभावित हुआ। घटना की सूचना पर जीआरपी के सहायक अवर निरीक्षक विजय कुमार प्रसाद व आरपीएफ के हारून राशिद ने घटनास्थल पर पहुँचकर जांच पड़ताल किया व शव को पोस्टमार्टम के लिए एकमा पुलिस के सहयोग से छपरा भेजवाया।

इस हादसे में दुर्घटनाग्रस्त बाइक यूपी के कुशीनगर की बताई जाती है वहीं मृत दोनो युवक भी कुशीनगर के बताए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के घरवालों को सूचना दे दिया है।