☀कोविड-19 के मद्देनजर बूथों पर रहेगी खास तैयारी, वोटरों को मिलेगी ये सुविधा

☀ जिला प्रशासन मतदानकर्मियों, मतदाताओं और सुरक्षाबलों को संक्रमण से बचाने की तैयारी कर रहा है

✍️परमार मीडिया नेटवर्क

शिवहर/3 अक्टूबर:कोरोना काल में होने जा रहे बिहार विधानसभा चुनाव अपने आप में बहुत बड़ी चुनौती है, जिसमें मतदान के साथ-साथ लोगों को कोरोना महामारी से भी सुरक्षित रखना है। इसके लिए शिवहर जिला प्रशासन पूरी तरह चुनावी मोड में आ गया है। चुनाव की तैयारियों को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है। चुनाव आयोग ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग को इसके लिए मुकम्मल व्यवस्था करने का आदेश दिया है। सिविल सर्जन डॉ आरपी सिंह ने कहा कि मतदान केंद्रों पर कोविड 19 संक्रमण को ध्यान में रखते हुए मतदान कराने वाले कर्मी सहित सभी मतदाताओं की थर्मल स्क्रीनिंग की जायेगी। मतदानकर्मियों, मतदाताओं और सुरक्षाबलों को संक्रमण से बचाने की व्यापक तैयारी की जा रही है।

👉चुनाव बूथों को किया जाएगा सैनिटाइज :

सिविल सर्जन डॉ आरपी सिंह ने कहा कि मतदान वाले दिन चुनाव बूथों को सैनिटाइज किया जाएगा, जिससे वोटरों को कोरोना के संक्रमण से बचाया जा सके। साथ ही बूथों पर मतदाताओं के लिए हैंड सेनेटाइजर रखने के भी निर्देश हैं। मतदाताओं के लिए एक-एक हैंड ग्लव्स और मतदानकर्मियों के लिए एक-एक जोड़ी हैंड ग्लव्स की व्यवस्था रहेगी।

👉इंफ्रारेड थर्मामीटर का किया जायेगा इस्तेमाल:

मतदान केंद्रों पर इंफ्रारेड थर्मामीटर का इस्तेमाल किया जाएगा। इस थर्मामीटर के इस्तेमाल के लिए आशा एवं अन्य पारा मेडिकल स्टाफ जैसे एएनएम को प्रशिक्षित किया जाएगा। साथ ही कोविड 19 की जांच के लिए आशा व पारा मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति मतदान केंद्रों पर भी होनी है। इन स्वास्थ्यकर्मियों को मतदान केंद्र के प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग का काम करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

👉बूथ पर जीविका को मास्क बेचने की होगी अनुमति :

निर्वाचन विभाग ने निर्णय लिया है कि मतदाताओं को ग्लव्स और सैनेटाइजर तो उपलब्ध कराया जाएगा, लेकिन मास्क उन्हें खुद पहन कर आना होगा। चुनाव के दिन जो मतदाता बिना मास्क वोट डालने आएंगे, उन्हें जुर्माना लगाने के साथ ही बाहर से मास्क खरीद पहनकर आने को कहा जाएगा। ऐसी व्यवस्था रहेगी कि जीविका समूह की सदस्य बूथ के बाहर मास्क की बिक्री कर सकेंगी।

👉कोरोना संक्रमितअंतिम घंटे में करेंगे मतदान:

कोरोना संक्रमित मतदाता जो क्वारेंटाइन में रखे गये हैं, वे मतदान के अंतिम घंटे में अपना वोट डालेंगे। स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में कोविड 19 से संबंधित सुरक्षात्मक उपायों का अनुपालन करते हुए अपने मतदान केंद्र पर मतदान करेंगे। सभी मतदान कर्मी इस दौरान पीपीई किट में रहेंगे।