नवजात का शव बरामद

एकमा(सारण)। एकमा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत एकमा बाजार के ब्लॉक रोड में शुक्रवार की सुबह एक नवजात शिशु का शव देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पाकर एकमा थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर नवजात शिशु के शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई। वहीं इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही है। बताया गया है कि शुक्रवार की सुबह कुछ लोग चाय की दुकान पर चाय पी रहे थे। इसी दौरान ब्लॉक रोड में एक नवजात शिशु के शव को कुछ आवारा कुत्ते नोचते हुए नजर आए। इसी दौरान एक कुत्ता नवजात के शव को लेकर भागने लगा। चाय पीते लोगों ने जब देखा तो कुत्ते को खदेड़ कर भगाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। इस बीच घटना की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। वहीं इसकी जानकारी पाकर लोगों की मौके पर भीड़ उमड़ पड़ी। घटनास्थल से शव को पुलिस ने बरामद कर लिया। वहीं इसके बाद क्षेत्र की चर्चाएं तेज हो गई।