अल्पसंख्यक महिलाओं ने सांसद राजीव प्रताप रुडी को बांधी राखी
#सांसद रूडी ने कहा अनेकता में एकता व सर्वधर्म समभाव हमारी भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग

नई दिल्ली, 26 अगस्त, 2018 । अनेकता में एकता व सर्वधर्म समभाव हमारी भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है। यही सद्भावना एक भावनात्मक एकता की आधार शिला है। विभिन्न जातियों, समुदायों और धर्मों के बावजूद हमारा जनमानस एक ऐसी संस्कृति और एकता के सूत्र में बंधा है जो अपने आप में बेजोड़ है। उक्त विचार सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह जल संसाधन संबंधी संसद की स्थायी समिति के अध्यक्ष राजीव प्रताप रुडी ने अल्पसंख्यक महिलाओं द्वारा राखी बंधवाने के पश्चात व्यक्त किए।

समिति के अध्यक्ष होने के नाते श्री रुडी एक विभागीय कार्यक्रम में महाराष्ट्र के दौरे पर है। महाराष्ट्र में रक्षाबंधन के दिन अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं ने मुम्बई के भाजपा अध्यक्ष सह विधायक श्री आशीष सेलार और श्री रुडी को तिलक लगाकर राखी बांधी। श्री रुडी ने भाई बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक रक्षा बंधन पर शुभकामनाएँ दी और आह्वान किया कि हम राष्ट्र प्रहरियों के सम्मान और उनके जैसी देशभक्ति, देशप्रेम, साहस व कर्तव्यनिष्ठा का प्रण लें।

श्री रुडी ने कहा कि रक्षाबंधन का त्योहार पूरे देश में भाई द्वारा बहन की रक्षा का संदेश और वचन याद दिलाता है। यह हमारी प्राचीन परंपरा है जो आदिकाल से चली आ रही है। यह परंपरा हमारे आपसी भाईचारा का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी को भी सूत्र बांधने का अर्थ रक्षा का प्रण लेना होता है। जैसे पर्यावरण को बचाने के लिए वृक्षों को रक्षासूत्र बांधते है या कोई मन्नत पूरा करने के लिए किसी धार्मिक केंद्र पर सूत्र बांधता है। इसी तरह यह बहन की प्रतिष्ठा उसकी लज्जा रक्षा का प्रतीक है साथ ही इस दिन हम लोग देश की रक्षा का भी प्रण लेते है।