छपरा/सीवान।आगामी दशहरा, दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पर ट्रेनों में यात्रियों की होने वाली अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की मांग पर रेलवे प्रशासन द्वारा साप्ताहिक पूजा विशेष गाड़ी का संचालन करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में वाराणसी मंडल के जनसंपर्क पदाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 04608/04607 अमृतसर-छपरा-अमृतसर साप्ताहिक पूजा विशेष गाड़ी चलाई जाएगी। जिसका संचालन अमृतसर से 28 सितंबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को तथा छपरा से 29 सितंबर से एक दिसंबर तक प्रत्येक सोमवार को 10 फेरों के लिए किया जाएगा। बताया कि 04608 अमृतसर-छपरा साप्ताहिक पूजा विशेष गाड़ी 28 सितंबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को अमृतसर से 09.40 बजे प्रस्थान कर ब्यास जंक्शन, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, ढंडारीकला, सरहिंद, राजपुरा, अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर होते हुए दूसरे दिन गोंडा, गोरखपुर तथा सिवान से 07.20 बजे छूटकर छपरा 09.00 बजे पहुंचेगी। वहीं वापसी यात्रा में 04607 छपरा-अमृतसर साप्ताहिक पूजा विशेष गाड़ी 29 सितंबर से एक दिसंबर तक प्रत्येक सोमवार को छपरा से 12.00 बजे प्रस्थान कर सिवान से 13.07 बजे छूटकर विभिन्न स्टेशन होते हुए दूसरे दिन दोपरह 13.30 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
—
आठ सूत्री मांगों को ले स्वच्छता कर्मी गए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
दारौंदा (सिवान) : बिहार प्रदेश स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं स्वच्छता कर्मी संघ के आह्वान पर प्रखंड के स्वच्छता पर्यवेक्षक और स्वच्छता कर्मी 10 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मियों का कहना है कि उनकी आठ सूत्री मांगों पर अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। संघ ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर उन्होंने 20 अगस्त और एक सितंबर को गर्दनीबाग पटना में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद सरकार ने उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। मजबूरन कर्मियों को हड़ताल पर जाना पड़ा है। स्वच्छता कर्मियों ने आरोप लगाया है कि उनकी जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। वहीं कर्मियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से प्रखंड में स्वच्छता कार्य और निगरानी व्यवस्था प्रभावित होगी। पंचायत स्तर पर स्वच्छता अभियान की गति धीमी पड़ सकती है। दारौंदा प्रखंड के 17 पंचायतों में करीब दो सौ से अधिक कर्मी हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे स्वच्छता अभियान ठप हो गया है। संघ ने आठ सूत्री मांगों का ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर को आठ सौंप सरकार से तुरंत समाधान करने की अपील की है।




Recent Comments