800 से अधिक मामलों का हुआ निस्तारण

✍️परवेज अख्तर/सिवान;
सिवान : राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में शनिवार को सिविल कोर्ट प्रांगण में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 800 से अधिक मामलों का निष्पादन सुलह समझौता के आधार पर किया गया। इस अवसर पर दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति भूपति सिंह को अंतरिम सहायता के रूप में प्रभारी जिला न्यायाधीश प्रथम मनोज कुमार तिवारी ने 25000 रुपए का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर जिले में कार्यरत विभिन्न बैंकों द्वारा समझौता राशि के रूप में लगभग दो करोड़ 80 लाख रुपए निर्धारित किए गए, जिसमें से मौके पर लगभग 92 लाख से अधिक रुपए पक्षकारों ने प्रदान कर अपने मामले को निष्पादन कराने का आश्वासन दिया। निष्पादित किए गए मामलों में बैंकों के कुल मामले 586 मामले थे, जबकि टेलीफोन से जुड़े 21 मामले, मैट्रिमोनियल से जुड़े 6 मामले का निष्पादन किया गया। विभिन्न अदालतों के 200 से अधिक फौजदारी मामलों का निष्पादन किया गया। समाचार लिखे जाने तक फौजदारी मामलों का सही रिपोर्ट प्राप्त नहीं हो सका था। लोक अदालत के पेशकार अतुल कुमार ने बताया कि अब तक 200 से अधिक मामले निष्पादित किए गए हैं। इसके पूर्व विधिक सेवा प्राधिकार भवन में विभिन्न विभाग के पदाधिकारियों को विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव आनंद कुमार श्रीवास्तव ने जानकारियां दी। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रभारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि कुछ राहत प्रदान कर मामलों का निष्पादन किया जाए।