
मांझी(सारण)। बुधवार को मांझी पुलिस ने थाना क्षेत्र के लालपुर से 120 लीटर देसी शराब लदी एक आल्टो कार जप्त किया। कार पर सवार एक महिला तस्कर सहित चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। ड्यूटी पर तैनात एएसआई श्याम किशोर यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक कार से शराब लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मुस्तैद हो गई और कार के पहुंचते ही उसे दबोच लिया गया। पकड़े जाने पर चालक ने कुछ भी बताने से इनकार किया लेकिन जब तलाशी ली गई तो कार की डिग्गी से प्लास्टिक के थैले में शराब भरा पड़ा मिला। शराब के थैले बोरी में भरकर रखा गया था। गिरफ्तार महिला तस्कर पटना के मालखाना सिटी थाना क्षेत्र की शरीफ गंज निवासी शिवजी राय की पत्नी सोनामती देवी बताई जाती है। जबकि चालक छपरा साहेबगंज निवासी विजय जायसवाल का पुत्र विवेक जायसवाल बताया जाता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त तस्कर पटना से आकर साहेब गंज में अपनी बहन के यहां रहती है और वहीं से यह धंधा संचालित करती है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




Recent Comments