लपके नहीं लूट सकेंगे पर्यटकों को, पुलिस ने बनाया एक्शन प्लान
आज़ाद नेब
जयपुर 6 मई। लपकागिरी से परेशान पर्यटकों के लिए राजस्थान पुलिस ने एक्शन प्लान तैयार किया है। पुलिस ने पर्यटकों को लपकों से निजात दिलाने के लिए चारदीवारी में स्थित पर्यटन स्थलों पर खास तौर से कैमरे लगाए हैं।
इन कैमरों को सीधे कंट्रोल रूम से अटैच किया गया है। इनके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। कैमरों के इन सकारात्मक रिजल्ट के बाद अब और कमरे लगाने की कवायद शुरू हो गई है।  शहर में खासतौर पर चारदीवारी में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को आते ही लपके परेशान करते हैं।
वे जबरन सामान बेचने की कोशिश करते और शोरूमों में ले जाने का प्रयास करते हैं। कई बार तो हालात ये हो जाते कि पर्यटकों को पुलिस की मदद लेनी होती। इस तरह की शिकायतें कई बार जयपुर पुलिस को मिली। जयपुर शहर में चांदी की टकसाल पर स्थित एकमात्र पर्यटन थाना भी इसके लिए नाकाफी साबित रहा। पर्यटन थाना पुलिस एक साल में सिर्फ दो सौ पर्यटकों को ही पकड़ सकी।
चारदीवारी में पर्यटन स्थलों पर लगाए सीसीटीवी कैमरे
जंतर-मंतर के पास जो पर्यटन पुलिस की चौकी है, वह भी काफी समय से बंद ही है। जयपुर शहर में ईसर लॉट, हवामहल, जंतर-मंतर, सिटी पैलेस, अलबर्ट हॉल, आमेर महल और गोविंद देव मंदिर के बाहर फिलहाल नॉर्थ पुलिस ने 35 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इन कैमरों से लगातार मॉनिटरिंग जारी है। इन कैमरों को डीसीपी नॉर्थ के कार्यालय से जोडऩे के साथ ही कंट्रोल रूम से भी जोड़ा गया है। इन पैंतीस सीसीटीवी कैमरों को तीन से पांच महीनों में लगाया गया है। अब एेसी चालीस जगहें भी चिंहित की गई हैं, जहां पर जल्द ही कैमरे लगाए जाएंगे।