भीलवाड़ा: जिले मे 21 को विशेष ग्राम सभाएं, होगा आशाओं सहयोगियों का चयन 
आज़ाद नेब
भीलवाडा, 1 जून मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.सी. जीनगर ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में आशा सहयोगिनिया चिकित्सा विभाग की अहम कड़ी है, माता एवं शिशु की जान बचाने में आशाओं की अहम भागीदारी है, महिला के गर्भवती होने से लेकर नवजात बच्चे के जन्म लेने एवं उसके बाद भी आशा उस महिला एवं शिशु की देखभाल करती है। इसी सन्दर्भ में जिले में आशा सहयोगिनियों के रिक्त पदों को भरने के लिए 21 जून को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जायेगा।
सीएमएचओ डॉ. जीनगर ने बताया कि उप शासन सचिव, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग जयपुर द्वारा समस्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, अति0 मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, विकास अधिकारी पंचायत समिति को आशा सहयोगिनियों के रिक्त पदों हेतु योग्य महिला का चयन करने हेतु 21 जून को विशेष  ग्राम सभाओं का आयोजन करने हेतु निर्देश जारी किये है। इस विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से चिकित्सा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार योग्य महिला का चयन किया जायेगा।
जिला आशा समन्वयक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में कुल 1966 पद आशाओं के आंगनबाडी केन्दों पर्र स्वीकृत है और जिले में 1801 आशा सहयोगिनिया कार्यरत है। खण्ड कार्यालयों से प्राप्त सूचना के आधार पर ब्लॉक आसीन्द में 15, बनेडा में 5, गुलाबपुरा में 4, कोटडी में 13, गंगापुर में 3, जहाजपुर में 8, माण्डल में 21, माण्डलगढ में 25, हमीरगढ में 22, रायपुर में 10, ब्लॉक शाहपुरा में 18 तथा भीलवाडा शहर में 5 सहित 149 आशाओं के पद रिक्त है। आशा सहयोगिनी के चयन हेतु महिला उसी आंगनबाडी केन्द्र के परिक्षेत्रा की रहने वाली हो, उम्र 21 से 45 वर्ष हो, शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास हो, का चयन किया जायेगा। उच्च शैक्षणिक योग्यता रखने वाली महिला, विधवा महिला, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, तलाकशुदा महिला को चयन में प्राथमिकता प्रदान की जायेगी। पूर्व में किसी महिला को दोषारोपण से आशा सहयोगिनी के पद से हटाया गया है तो उस महिला का चयन दूबारा नहीं किया जायेगा। ग्राम सभा की बैठक में एक से अधिक महिलाओं के प्रस्ताव आने पर किसी एक योग्य महिला का चयन कर भिजवाया जाये। इस विशेष ग्राम सभा में संबंधित आंगनबाडी केन्द्र की एएनएम उपस्थित रहेगी। उन्होंने बताया कि आशा सहयोगिनी पद  के आवेदन पत्रा खण्ड स्तर पर ब्लॉक हेल्थ सुपरवाईजर एवं पीएचसी स्तर पर पीएचसी हेल्थ सुपरवाईजर से प्राप्त किया जा सकता है। योग्य महिला के चयन पश्चात जिला स्तर पर चयनित आशा सहयोगिनी को 8 दिन का प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रशिक्षण में सफल होने पर आशा सहयोगिनी के पद हेतु चिकित्सा विभाग एवं आईसीडीएस विभाग द्वारा नियुक्ति दी जायेगी।