बोले एकमा के रेलयात्री : हमसे क्या भूल हुई जो ये सजा हमको मिली
-बीते सात वर्षों में एकमा स्टेशन पर नही हुआ एक भी ट्रेन का ठहराव
– खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं एकमा के रेलयात्री
– ट्रेनों के स्टॉपेज को ले रोज़ हो रही किचकिच
विनीत कुमार, एकमा
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के अंतर्गत आने वाले एकमा स्टेशन पर रेल विभाग की नजर टेढ़ी सी हो गयी है।
छपरा सिवान रेलखंड के बीच आनेवाले इस स्टेशन पर बीते 7 वर्षो में एक भी ट्रेन का ठहराव नही हुआ है। जी हाँ बीते 7 वर्ष में यहाँ एक भी नई ट्रेन का ठहराव रेल प्रशासन ने नही दिया है। एकमा की इस उपेक्षा के कारण आमलोग आक्रोशित हैं। उन्हें ये नही समझ मे आ रहा कि आखिर यहाँ ट्रेनों का ठहराव क्यो नही बढ़ा है।

भूतपूर्व सांसद ने कराया था इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव

महराजगंज लोकसभा क्षेत्र के भूतपूर्व सांसद उमाशंकर सिंह ने जब प्रभुनाथ सिंह को हरा कर महराजगंज सीट पर कब्जा जमाया था तब अपने कार्यकाल के पहले ही वर्ष में उन्होंने छपरा से चलकर गोरखपुर जानेवाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव एकमा व दुरौंधा स्टेशन पर कराया था। ये ठहराव वर्ष 2010 में हुआ था लेकिन इसके बाद एकमा स्टेशन पर किसी ट्रेन का ठहराव नही हुआ।
हालांकि अपने कार्यकाल के मध्य में ही उमाशंकर सिंह का निधन हो गया जिसके बाद हुवे उपचुनाव में प्रभुनाथ सिंह सांसद बने।

जब तक था प्रभुनाथ का जलवा गदगद रहा एकमा
—-
महराजगंज लोक सभा क्षेत्र में जब तक प्रभुनाथ सिंह का जलवा रहा तब तक एकमा स्टेशन के रेल यात्री गदगद रहे। जब प्रभुनाथ सिंह महराजगंज से सांसद थे तब नीतीश कुमार केंद्र सरकार में माननीय रेल जल भूतल व परिवहन मंत्री थे। बिहार के इन दोनों नेताओं की दोस्ती सर्वविदित थी। इसका फायदा एकमा को हुआ। 
3 जुलाई 1999 शनिवार के दिन एकमा स्टेशन परिसर में प्रभूनाथ सिंह ने नीतीश कुमार का कार्यक्रम करा दिया। एकमा में ऐसा पहली बार हुआ था जब रेल मंत्री सीधा एकमा पहुँचे थे और सभा को संबोधित किया।एकमा स्टेशन के मैदान में ही आयोजित कार्यक्रम में प्रभुनाथ सिंह ने एकमावासियों के सामने ही नीतीश कुमार से लिच्छवी एक्सप्रेस व जनसेवा एक्सप्रेस का ठहराव मांग दिया। 
नीतीश कुमार जब मंच पर आए तो उन्होंने एकमावासियों से कहा कि आपलोग टिकट कटाकर यात्रा शुरू कर दें मैं लिच्छवी का स्टॉपेज तत्काल दे दूंगा और राजस्व बढ़ने के बाद जनसेवा भी एकमा में रुकने लगेगी। उन्होंने इससे संबंधित निर्देश पूर्वोत्तर रेलवे के तत्कालीन महाप्रबंधक ओम नाथ पांडेय, व मण्डल रेल प्रबंधक एसपी सिंह को दिया।
शीघ्र ही एकमा स्टेशन पर लिच्छवी एक्सप्रेस का ठहराव हो गया और कुछ माह के बाद जनसेवा एक्सप्रेस भी एकमा रुकने लगी। उस वक़्त जनसेवा एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन चलती थी।
प्रभुनाथ के जलवे का अंदाजा आप इस बात से भी लगा सकते हैं कि उन्होंने दुरौंधा से महराजगंज तक अलग रेल लाइन ही अपने कार्यकाल में बिछवा दिया।
समय बदलता गया और प्रभुनाथ व नीतीश आमने सामने आ गए। फिर समय ने करवट ली और महागठबंधन में अब दोनों नेता साथ हैं।

एकमा स्टेशन


सारी अहर्ताएं पूरी फिर भी नही हो रहा ट्रेनों का ठहराव
—-
एकमा स्टेशन पर नए ट्रेनों के ठहराव की सारी अहर्ताएं पूरी हैं फिर भी यहाँ ट्रेनों का ठहराव नही हो रहा है। हाल के दिनों में अन्य छोटे स्टेशनों की तुलना में एकमा ने अधिक राजस्व दिया है फिर भी यहाँ ट्रेन का ठहराव नही बढ़ा है।
एक सेवानिवृत्त स्टेशन मास्टर ने बताया कि एकमा में जब लिच्छवी एक्सप्रेस का ठहराव हुआ था तो एकमा स्टेशन का राजस्व सिवान जंक्शन से अधिक होता था।
मोदी सरकार में जगी आस, पर तीन साल हुवे निराश
—-
केंद्र में जब रिकॉर्ड बहुमत की सरकार बनी तो ये आशा जगी थी कि शायद एकमा का कायाकल्प ही जाय मगर ऐसा न हो सका। मोदी सरकार के इन तीन सालों में भी एकमावासियों को निराशा ही हाथ लगी है।
अब लोगों को ये इंतेज़ार है कि शायद रेल मंत्री सुरेश प्रभु की कृपा हो जाय तो एकमा में ट्रेनों का ठहराव बढ़े।
कई बार हुई वार्ता पर नही निकला कोई नतीजा

एकमा स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों को स्टॉपेज के लिए कई बार वार्ता हुई पर अब तक कोई सकारात्मक हल नही निकला। एकमा वासियों ने कई बार सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल से इस बात को ले चर्चा की पर नतीजा सिफर रहा।
बोले एकमा के लोग
—-
एकमा स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव नही बढ़ने से लोगों को काफी परेशानी ही रही है। हम रेल मंत्री से अनुरोध करेंगे कि एकमा स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव बढ़ाये।
पायलट सिंह, हँसराजपुर
एकमा स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव न बढ़ना दुखद है। नजदीक में ही दुरौंधा स्टेशन पर ग्वालियर रुकती है, दिघवारा में आम्रपाली रुकती है पर इनमें से कोई भी ट्रेन एकमा नही रुकती। एकमा में इन दोनों ट्रेनों का ठहराव आवश्यक है।
     अशोक कुमार बरनवाल, एकमा
एकमा स्टेशन पर ग्वालियर मेल व आम्रपाली एक्सप्रेस का ठहराव हो जाये तो इससे व्यबसाई वर्ग को काफी फायदा होगा। प्रभूनाथ सिंह के समय मे एकमा चकचक था पर अब ऐसा नही है।
रजनीश कुमार सिंह, व्यवसायी
एकमा में यदि ग्वालियर व आम्रपाली एक्सप्रेस का ठहराव शीघ्र नही हुआ तो हमलोग उग्र आंदोलन करेंगे। कई दिनों से सुन रहे हैं कि ग्वालियर का ठहराव एकमा में होगा पर कब होगा पता नही।
रौशन सिंह, हरपुर
बोले सांसद
—-
बीते दिनों जब छपरा से मशरख रेलखंड की शुरुआत हुई थी तब पूर्वोत्तर रेलवे के वरीय अधिकारियों से मेरी बात काफी देर तक हुई थी। एकमा स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शीघ्र होगा। एकमा को मॉडल स्टेशन बनाने के वादे पर कायम हूँ।
जनार्दन सिंह सिग्रीवाल,
सांसद, महाराजगंज