जिला परिषद की हंगामेदार बैठक में जूतमपैजार होते होते बची
राकेश फौजदार
भरतपुर 21 जून।राजस्थान के भरतपुर में आज जिला परिषद की साधारण सभा की हुई बैठक हंगामेदार रही। उप जिला प्रमुख की सीट पर एक जिला पार्षद के कब्जा जमा कर बैठ जाने से उपजे हंगामे के चलते बैठक स्थगित करनी पड़ी। बैठक की कार्यवाही शुरू होने के बाद भाजपा की जिला पार्षद सुलभा सिंह उप जिला प्रमुख सुनीता सिंह की सीट पर बैठ गईं और जब उप जिला प्रमुख सुनीता सिंह बैठक में आईं तो सुलभा सिंह ने सीट पर से उठने से साफ इंकार कर दिया। वहां मौजूद जिला प्रमुख बीना सिंह और उनके पति डॉक्टर जितेंद्र फौजदार ने जब आपत्ति दर्ज कराई तो जिला पार्षद सुलभा सिंह की उनसे कहा सुनी भी हो गई। इस हंगामे में जिला पार्षद सुलभा सिंह, जिला प्रमुख बीना सिंह व उप जिला प्रमुख सुनीता सिंह के पति भी शामिल हो गए और इन सभी में काफी देर तक तू -तू मैं-मैं होती रही। एक बार तो स्थिति हाथापाई जैसी बनती दिखी। मौके पर पहुंचे सीओ सीटी ने इन सभी को समझाने का भरसक प्रयास किया लेकिन बैठक कक्ष में काफी देर तक हंगामा होता रहा और सभी सदस्य बैठक का बहिष्कार कर बाहर आ गए।




Recent Comments