एकमा पीएचसी को सीएचसी में स्थानांतरित करने का मुद्दा फिर गरमाया
विनीत कुमार, एकमा
एकमा मांझी मुख्य मार्ग पर अवस्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एकमा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थानांतरित करने का मामला एक बार फिर चर्चा में है।
इस बार एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह ने सारण जिलाधिकारी को पत्र लिखकर आमलोगों के हित में पीएचसी को सीएचसी में स्थानांतरित करने की बात कही है। जिलाधिकारी ने इस मामले में आगे की कार्यवाही के लिए सिविल सर्जन को निर्देश दिया है।
  
एकमा विधायक मनोरंजन सिंह ने 12 जून को लिखे पत्रांक 315 में एकमा पीएचसी को सीएचसी में स्थानांतरित करवाने की बात कही है।
वही सिविल सर्जन ने 27 जून को पत्रांक 992 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एकमा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को संदर्भित करते हुवे कहा है कि दो दिनों के भीतर ये बताएं कि क्या एकमा पीएचसी को सीएचसी में स्थानांतरित किया जा सकता है। सिविल सर्जन ने विधायक के पत्र का जिक्र करते हुवे प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से उनका मंतव्य मांगा है।
    

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा


यहाँ बता दे कि एक वर्ष पूर्व भी सिविल सर्जन डॉ निर्मल कुमार ने एकमा पीएचसी को सीएचसी में 24 घंटे के भीतर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया था मगर चार दिन बाद ही उन्होंने अपरिहार्य कारणों से अपने आदेश को स्थानांतरित कर दिया। उस वक्त अस्पताल को शिफ्ट करने को ले आमलोगों ने पीएचसी पर हंगामा भी किया था। अब देखना ये है कि इस बार क्या होता है।
बोले अधिकारी
सिविल सर्जन ने पत्र लिखकर पीएचसी को सीएचसी में स्थानांतरित करने के संबंध में मंतव्य माँगा है। हम पत्राचार कर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराएंगे।
डॉ मोहसिन अंसारी
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, 
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा