आमजन को समस्या न हो – डॉ. एस.पी. सिंह
फिरोज खान
बारां, 3 अप्रेल। जिला कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, राशन आदि से संबंधित सेवाओं संबंधी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करते हुए राहत दी जानी चाहिए।
डॉ. सिंह मिनी सचिवालय सभागार में आवश्यक सेवाएं, पेयजल, मौसमी बीमारी एवं कुपोषण निवारण संबंधी साप्ताहिक बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गर्मी के मद्देनजर डार्क जोन वाले सूचीबद्ध क्षेत्रों में टेंकर द्वारा पेयजल परिवहन की माकूल व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए साथ ही अस्पताल में मौसमी बीमारी लू, तापघात, उल्टी दस्त आदि बीमारियों की रोकथाम हेतु प्रभावी प्रबंध भी किए जाने चाहिए, जिससे आमजन को असुविधा न हो।
बैठक में पीएचईडी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में हेण्डपम्प मरम्मत का अभियान चलाया गया है जिसके तहत खराब हेण्डपम्प शिकायत मिलने पर दूरूस्त किए जा रहे हैं। साथ ही अभावग्रस्त क्षेत्रों में टेंकर द्वारा पेयजल परिवहन की व्यवस्था भी की गई है। सीएमएचओ ने बताया कि मौसमी बीमारियों से बचाव के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं, अस्पताल में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता है। पीएमओ संपतराम नागर ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में प्रथम दिन 69 प्रतिशत का लक्ष्य प्राप्त किया गया है आगामी 2 दिनों में घर-घर जाकर पल्स पोलियो की खुराक दी जाएगी। साथ ही टीकाकरण कार्यक्रम के तहत छबड़ा ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में 7 अप्रेल 2017 से मिशन इन्द्रधनुष के तहत कार्यक्रम चलाया जाएगा। जिस पर कलक्टर डॉ. सिंह ने पल्स पोलियो अभियान का 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने, सुपरवाइजर द्वारा निरीक्षण करने के निर्देश दिए। 
कृषि विभाग के अतिश कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में गेहूं, सरसों समेत अन्य फसलों का उत्पादन अच्छा हुआ है, फसलों की कटाई का कार्य जारी है एवं कृषकों को फसलों को अवशेष को न जलाने के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। जिस पर कलक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि फसलों के अवशेष जलाना अपराध की श्रेणी के तहत आता है अतः कृषि विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी, कृषि पर्यवेक्षक यह सुनिश्चित करें कि कृषक भूंसे को आग लगाकर पर्यावरण को क्षति न पहुंचाएं। साथ ही उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जरूरतमंद छात्रों के लिए एक बुक बैंक स्थापित करें जहां निजी विद्यालयों के वे छात्र जो उर्त्तीण होकर अगली कक्षा में जा चुके हैं अपनी पुस्तकें किसी जरूरतमंद छात्र हेतु जमा करा सके। इस पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सहमति देते हुए उक्त बुक बैंक को शीघ्र प्रारंभ करने की बात कही।
बैठक में बारां जिला स्थापना दिवस हेतु विभिन्न विभागों को विभागीय झांकियां तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान की प्रगति, राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरण आदि के संबंध में भी चर्चा हुई। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर वासुदेव मालावत, एसीईओ अशोक पुरूसवानी, रसद अधिकारी शंकरलाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।