एकमा (सारण)। एकमा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत एकमा बाजार के हंसराजपुर में बीते सप्ताह एक हार्डवेयर व्यवसायी सोनल सिंह के पुत्र रोशन सिंह (26) की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एसआईटी की मदद से अनुसंधान के क्रम में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की है।
बताया गया है कि एसएसपी डॉ कुमार आशीष के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम द्वारा एकमा पुलिस की मदद से छानबीन की गई। इस दौरान पुलिस निरीक्षक सह एकमा थानाध्यक्ष उदय कुमार के निर्देशन में एसआईटी व एकमा पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की कार्रवाई बीआरसी एकमा के समीप स्थित बगीचे में की। जिसमें हत्या के मामले के मुख्य आरोपी एकमा चट्टी निवासी उपेंद्र महतो को गिरफ्तार किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से बताया कि हार्डवेयर व्यवसायी पुत्र की हत्या की जांच में यह बात सामने आई कि हत्या के आरोपी और मृतक दोनों दोस्त थे। उन्होंने बताया कि मामले में तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई है। जिसमें दो अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
हालांकि, हत्या में प्रयुक्त हथियार अभी तक पुलिस बरामद नहीं कर पाई है। पुलिस के अनुसार आपसी विवाद को लेकर हुई थी। गिरफ्तार उपेंद्र महतो ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
यहां बता दें कि बीते 21 जुलाई की देर शाम अज्ञात अपराधियों ने हंसराजपुर निवासी व हार्डवेयर व्यवसायी सोनल सिंह के पुत्र रोशन सिंह की 21 जुलाई की देर शाम पेट में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दी थी। जिसे स्थानीय निजी अस्पताल में उपचार के बाद सदर अस्पताल बेहतर उपचार हेतु रेफर किया गया था। जहां उपचार के दौरान रोशन सिंह की मौत हो गई थी।




Recent Comments