👉अपाहिज पिता, बीमार मां व नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

👉परिवार का इकलौता कमाऊ संतान था मृतक सतेंद्र

हसनपुरा (सिवान)।एमएचनगर थानाक्षेत्र के खाजेपुर कला गांव में गुरुवार रात्रि बिजली का करंट से एटीसी एकलव्य कंपनी के टेक्नीशियन की मौत हो गई। बताया जाता है कि खाजेपुर कला स्थित जिओ के टॉवर के सर्वर ड्रॉप की जांच कर रहे थे,तभी यह हादसा हो गया। युवक की पहचान एमएचनगर थानाक्षेत्र के मंदरौली निवासी कन्हैया यादव के 26 वर्षीय पुत्र सतेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है।घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया गुरुवार रात्रि करीब 11 बजे गांव की महिलाये सड़क पर टहल रही थी। इसी बीच टॉवर के पास से कराहने की आवाज आई। हो-हल्ला करने पर ग्रामीण जुटे तो देखा कि टॉवर का टेक्नीशियन जंक्शन बॉक्स के पास औंधे मुंह गिरा पड़ा है। जक्शन बॉक्स खुला था। एमसीवी का वायर निकला हुआ था पास ही में उसका बैग, पेंचकस व पिलास पड़ा था। माजरा समझते ही ग्रामीणों द्वारा आनन-फानन में संतेन्द्र के शरीर पर राख मलते हुये घटना की सूचना स्थानीय पुलिस व सतेंद्र के घर वालो को देते उसे प्राइवेट वाहन से इलाज के लिये गुरुजवा जलालपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहा चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के चचेरे भाई भैरवनाथ यादव ने बताया कि गुरुवार रात्रि करीब 9:30 बजे एटीसी कंपनी से मेरे भाई के पास फोन आया कि खाजेपुर कला स्थित जिओ के टॉवर का सर्वर ड्राप कर गया है। सूचना मिलते ही मेरा भाई अपनी बाइक से खाजेपुर के लिये निकल गया। इसी बीच करीब 11:35 बजे खाजेपुर कला से फोन आया कि सतेन्द्र को बिजली का करंट लग गया है। घटना की सूचना मिलते ही सअनी मुन्ना यादव दल-बल के साथ मौके पर पहुच जांच में जुट गये। शुक्रवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों व मृतक के परिजनों की उपस्थिति में शव का पंचनामा करा पोस्टमार्टम के लिये सीवान भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही मंदरौली गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। मृतक 2 भाई व 2 बहनों में तीसरे नंबर पर था। दोनो बहनो की शादी हो चुकी है। जबकि मृत सतेन्द्र का विवाह हाल-फिलहाल में हुआ था। मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। मृतक के पिता कन्हैया यादव (50) विगत 5 वर्षों से पारालाइसिस के शिकार है और प्रायः बेड पर ही रहते है। अपाहिज पिता, बीमार मा मुन्नी देवी (45) तथा पत्नी नीतू देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। वही अडोस-पड़ोस के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में लगे है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक मृदभाषी व मिलनसार व्यक्ति था। जो पिछले 8 वर्षों से एटीसी कंपनी के लिये काम करता था। वहीं एटीसी के सुपरवाइजर संजय कुमार ने दुरभाष पर बताया कि हम मृतक के परिजनों के साथ है तथा कंपनी द्वारा हर संभव मदद का आश्वसन दिया गया है।