हवाई अड्डे की बस सर्विस व DTC की बस सर्विस में अंतर पता नहीं…और कहते है कि बिहार के सबसे बड़े डिजिटल न्यूज प्लेटफार्म है…!!

✍नवीन सिंह परमार

🔺सोशल मीडिया पर इन दिनों सीवान की नव निर्वाचित महिला सांसद कविता सिंह व उनके पति अजय सिंह की एक बस में बैठ कर यात्रा कर रहे फोटो खुब वायरल हो रहा है ।
सोशल मीडिया पर सक्रिय कई लोग इस फोटो के साथ यह लिख रहे है कि यह देखिए हमारी सांसद की सादगी, कैसे दिल्ली में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बस सर्विस से संसद भवन के जा रहे है ।
सोशल मीडिया पर सक्रिय लोगों को शायद यह पता नही है कि सीवान की सांसद दिल्ली में पब्लिक ट्रांसपोर्ट से यात्रा नहीं कर रही है बल्कि यह दिल्ली हवाई अड्डे की बस सर्विस हैं जो हवाई जहाज से यात्रियों को टर्मिनल लाने के लिए प्रयोग किया जाता है ।
इस वायरल फोटो पर आम सोशल मीडिया एक्टिविस्टों के द्वारा दी जा रही प्रतिक्रिया पर विशेष कुछ नहीं कहां जा सकता है, क्योंकि अधिकांश सोशल मीडिया एक्टिविस्टों को तथ्यों से कुछ खास लेना-देना नहीं होता है। वे सिर्फ काॅपी पेस्ट करना ही जानते हैं ।
सबसे ज्यादा ताज्जुब तब होता है जब सीवान से लेकर पटना तक सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पत्रकारिता की दूकान चलाने वाले महारथी पत्रकार भी अपने न्यूज पोर्टलों के माध्यम से इस वायरल तस्वीर को गलत खबर बना कर प्रचारित कर रहे है । सीवान सहित पटना के कई महान पत्रकारों ने तो बकायदा इस वायरल तस्वीर पर सांसद की सादगी वाली खबर तक लिख कर गलतफहमी फैलाने का काम किया है ।
इस गलतफहमी को फैलाने में सीवान व पटना के तथाकथित सबसे ज्यादा पाठक होने का दावा करने वाले कई न्यूज पोर्टल प्रमुख है ।
डिजिटल पत्रकारिता के गिरते इस स्तर को देख कर अपना सिर फोड़ लेने का मन करता है ।
अंत में बस इतना ही कहा जा सकता है कि हवाई अड्डे की बस सर्विस व पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बस सर्विस में अंतर पता नहीं है और चले हैं अपने को डिजिटल पत्रकारिता के महारथी कहने…
••••••••••
परमार मीडिया
parmarmediasiwan@gmail.com