
दैनिक खोज खबर/तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के रामकोला स्थित वाईडीबीएस कॉलेज के समीप नवनिर्मित पुलिया के पास रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अपाची सवार दो अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर एक स्वर्ण व्यवसायी से करीब 20 लाख रुपये के आभूषण व नकदी लूट लिए। पीड़ित व्यवसायी की पहचान तरैया निवासी व फरीदनपुर मठिया बाजार स्थित कनक ज्वेलर्स के मालिक सत्येन्द्र साह के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि सत्येन्द्र साह अपने घर से बाइक की डिक्की में आभूषण रखकर दुकान जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो अपराधियों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने व्यवसायी पर कट्टा तानकर डिक्की से बैग निकाल लिया, जिसमें 100 ग्राम सोना, दो किलो चांदी के गहने और 30 हजार रुपये नकदी थी। अपराधी व्यवसायी का मोबाइल और बाइक की चाबी भी छीनकर फरार हो गए।
घटना से आक्रोशित स्थानीय स्वर्ण व्यवसायियों ने पुलिस की कथित शिथिलता के खिलाफ तरैया-मढ़ौरा मुख्य सड़क (SH-73) को पोस्ट ऑफिस के समीप बाइक लगाकर जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया। सड़क जाम की सूचना पर अपर थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार और एसआई मुकेश कुमार दलबल के साथ पहुंचे। व्यवसायी वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े थे। बाद में मढ़ौरा-2 के डीएसपी संजय कुमार सुधांशु से मोबाइल पर वार्ता और शीघ्र कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। व्यवसायियों ने कहा कि यदि शाम तक अपराधियों की गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी नहीं हुई, तो सोमवार को पुनः उग्र आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पीड़ित के लिखित बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।




Recent Comments