दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। सारण जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र में बीती रात अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए मढ़ौरा और तरैया के स्वर्ण व्यवसायियों से हथियार के बल पर लगभग दस लाख रुपये के जेवर और मोबाइल लूट लिए। अपराधी ‘बिहार सरकार’ लिखी और लाल सायरन लगी इनोवा गाड़ी से आए थे और खुद को प्रशासनिक अधिकारी बता रहे थे। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में भारी डर और आक्रोश है। पीड़ितों ने इस संबंध में दरियापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पटना से लौट रहे थे व्यवसायी :
जानकारी के अनुसार, मढ़ौरा के स्वर्ण व्यवसायी विकास कुमार, आनंद कुमार और तरैया के संदीप कुमार ने चालक अफरोज के साथ कार से पटना से आभूषणों की खरीदारी कर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे दरियापुर क्षेत्र के एक सुनसान रास्ते पर अपराधियों ने उन्हें अपना निशाना बनाया।
‘स्पेशल जांच टीम’ बताकर गाड़ी में बिठाया:
पीड़ितों ने बताया कि रास्ते में लाल सायरन लगी एक इनोवा कार खड़ी थी। उसमें सवार अपराधियों ने प्रशासनिक रौब दिखाते हुए खुद को “स्पेशल जांच टीम” का अधिकारी बताया और चेकिंग के नाम पर गाड़ी रुकवा ली। इसके बाद वे एक व्यवसायी को जबरन अपनी इनोवा में बैठाकर ले गए, जबकि दो हथियारबंद अपराधी व्यवसायियों की ही कार में सवार हो गए।
दो घंटे तक बंधक बनाकर सड़कों पर घुमाया:
अपराधी पीड़ितों को कट्टे का भय दिखाकर करीब दो घंटे तक परसा, सोनहो, अमनौर, मढ़ौरा, खैरा और नगरा थाना क्षेत्रों की सड़कों पर सायरन बजाते हुए घुमाते रहे। इसके बाद अपराधियों ने गौरा थाना क्षेत्र के जवैइनियां चंवर ले जाकर व्यवसायियों से बैग, सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल और गाड़ी की चाभी लूट ली और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल :
घटना की सूचना मिलने पर गौरा थाना पुलिस और पीड़ितों के परिजन मौके पर पहुंचे। पीड़ितों का कहना है कि अपराधी उन्हें डेढ़ से दो घंटे तक उन्हीं के इलाके और थानों के सामने से लेकर गुजरते रहे, लेकिन सायरन बजाती इस संदिग्ध गाड़ी को किसी भी पुलिस चेकिंग पॉइंट पर नहीं रोका गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी का दावा कर रही है।




Recent Comments