दैनिक खोज खबर मढ़ौरा(सारण)। स्थानीय मढ़ौरा बाजार निवासी रवि प्रताप सिंह उर्फ सुमन सिंह और सुकांति सिंह की पुत्री विजया भारद्वाज ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) की प्रतिष्ठित पीजी प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। विजया ने इस अखिल भारतीय परीक्षा में 98.88 परसेंटाइल के साथ 1072वीं रैंक प्राप्त कर पूरे मढ़ौरा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परिजनों के अनुसार, विजया बचपन से ही अत्यंत मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी प्राथमिक शिक्षा मढ़ौरा से ही प्राप्त की और इसके बाद मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। विजया ने अपनी इस सफलता का श्रेय कड़े परिश्रम और माता-पिता के मार्गदर्शन को दिया है। उनकी इस बड़ी उपलब्धि पर माता-पिता, रिश्तेदारों, स्थानीय डॉक्टरों और शिक्षा प्रेमियों ने खुशी जताई है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी है।