
परवेज अख्तर/सिवान।
बसंतपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित थाना परिसर व मस्जिद के बगल में स्थित अरुण ज्वेलर्स से हथियार के बल पर बदमाशों ने करीब 45 लाख से अधिक के चांदी के गहने लूट लिए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास हड़कंप मच गया।घटना से आक्रोशित व्यवसायियों ने सब्जी मंडी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 227 ए को जाम कर टायर जला प्रदर्शन शुरू कर दिया व पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। दुकानदार अरविंद सोनी ने बताया कि घटना के समय पिता छोटेलाल प्रसाद दुकान पर थे। पहले दो बदमाश आये और दुकान में पिता से कुछ बात किए। फिर कुछ देर बाद दो बदमाश दुकान के अंदर पहुंचे व हथियार दिखा लूट शुरू कर दी। जबकि उसके चार साथी बाहर ही खड़े रहे। दुकान में सोलह से सतरह किलोग्राम चांदी के बने गहने थे।सभी गहनों को लेकर बाइक से मस्जिद के रास्ते फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसपी पूरन कुमार झा व महाराजगंज एसडीपीओ अमन मौके पर पहुंच छानबीन में जुट गए। दूसरी तरफ लूट की हुई घटना के बाद दुकानदार व उसके स्वजन गहरे सदमे की स्थिति में हैं।
एसपी ने थाने में व्यवसायियों से की वार्ता
एसपी पूरण कुमार झा ने थाना परिसर में स्थानीय व्यवसाइयों से वार्ता की। दुकानदारों ने पुलिस अधिकारी को कई समस्याएं गिनाई। दुकानदारों ने कहा कि पुलिस गश्त में लापरवाही करती है। उसी का परिणाम लूट की हुई घटना है। घटना के बाद पुरानी बाजार के दुकानदारों ने अपनी दुकानों को बंद कर विरोध दर्ज कराया। उसके बाद आक्रोशित दुकानदार व ग्रामीण मुख्यमार्ग पर पहुंच गए। आवागमन बाधित करते हुए टायर जला प्रदर्शन शुरू कर दिया। गोरेयाकोठी थानाध्यक्ष मनीष कुमार, लकड़ी नबीगंज के कृष्ण कुमार, भगवानपुर हाट के आशुतोष कुमार सिंह आदि के नेतृत्व में पुलिस लोगों को समझाने में जुटी रही।
बदमाशों के दिलेरी की भी हो रही चर्चा
घटना के बाद बदमाशों के दिलेरी की भी चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि थाने के ठीक बगल में घटना को दिनदहाड़े अंजाम देकर बदमाशों ने पुलिस को चुनौती दी है। वहीं भागने के लिए जिस रास्ते को चुना वह काफी सुरक्षित दिखता है। इस रास्ते से आगे जाने के बाद कई जगहों के लिए रास्ते कटते हैं। बदमाश गंवई रास्ते के माध्यम से भी बगल के जिलों सारण व गोपालगंज में भी प्रवेश कर सकते हैं। वैसे पुलिस घटना के बाद से ही दुकान व रास्ते के लगे सीसी कैमरों की जांच में जुटी है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह भी घटना से जुड़े तारों को जोड़ने व शीघ्र आभूषणों की बरामदगी के प्रयास में जुटे हैं।
बगल के बाजारों के दुकानदार भी सहमे
आभूषण दुकान में हुए लूट की घटना की जानकारी होने के बाद बगल के बाजारों के भी दुकानदार सहम गए। जामो बाजार के दुकानदारों की स्थिति कुछ दूसरी ही है। राजेश आनंद राज पूर्व मुखिया, निशांत कुमार ओझा सरपंच, प्रमोद सोनी, राजु कुशवाहा, अशोक चौधरी, ओसिहर सोनी, राजेश गुप्ता आदि का कहना है कि पहले थाना बाजार में ही स्थित था। अब बाजार से चार किलोमीटर दूर चला गया है। नियमित गश्त नहीं होने से दुकानदारों में हमेशा डर बना रहता है।




Recent Comments