
लाभार्थियों को 5S हाउसकीपिंग प्रणाली की दी गई जानकारी, दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
सोनपुर। सोनपुर गांधी आश्रम स्थित जन शिक्षण संस्थान में शुक्रवार को स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लाभार्थियों में स्वच्छता, अनुशासन एवं सुव्यवस्थित कार्यस्थल के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
संस्थान के निदेशक संजय कुमार दुबे एवं प्रोग्राम ऑफिसर कुमारी अल्पना ने स्वच्छता पखवाड़ा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं समृद्ध समाज की पहचान है। उन्होंने सभी लाभार्थियों से अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा अधिकारी विनोद जोशी ने लाभार्थियों को 5S हाउसकीपिंग प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यप्रणाली कार्यस्थल को स्वच्छ, व्यवस्थित, सुरक्षित एवं अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होती है।
उन्होंने 5S के पाँच सिद्धांतों की जानकारी देते हुए बताया कि सेइरी (Seiri) के तहत आवश्यक एवं अनावश्यक वस्तुओं की पहचान कर अनावश्यक वस्तुओं को हटाया जाता है। सेइतोन (Seiton) में आवश्यक वस्तुओं को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित रखा जाता है। सेइसो (Seiso) का उद्देश्य कार्यस्थल, उपकरणों एवं आसपास के वातावरण की नियमित सफाई करना है। सेइकेत्सु (Seiketsu) के अंतर्गत स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए समान नियमों और प्रक्रियाओं का पालन किया जाता है, जबकि शित्सुके (Shitsuke) अनुशासन एवं स्वच्छता की आदत को निरंतर बनाए रखने पर बल देता है।
कार्यक्रम में सभी लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने घर, कार्यस्थल और समाज में स्वच्छता बनाए रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के सभी कर्मचारियों एवं रिसोर्स पर्सनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




Recent Comments