सोनपुर। बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ, संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले अंचल कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों के समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की घोषणा की है। इस संबंध में संघ ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजकर कहा है कि 7 मई 2026 को हुए समझौते के बावजूद अधिकांश मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
संघ का आरोप है कि एसीपी/एमएसीपी का लाभ, सेवा संपुष्टि, उपार्जित एवं अर्जित अवकाश का निपटारा, स्थानांतरण, ग्रेड पे विसंगति, राजस्व कर्मचारियों को प्रभारी सहायक राजस्व अधिकारी के रूप में पदस्थापन सहित कई मुद्दे आज भी लंबित हैं। इससे कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है।
कर्मचारी संघ के राज्य अध्यक्ष चंद्रशेखर चौबे,संघ के राज्य सचिव श्रीमन नारायण,
सारण जिला अध्यक्ष चन्दन कुमार,जिला सचिव राजीव कुमार एवं सोनपुर के राजस्व कर्मी अभिषेक आनंद सहित समस्त कर्मचारी गण के तरफ से शनिवार क़ो सरकार क़ो यह चेतावनी दी है कि यदि 15 जुलाई 2026 तक मांगों का समाधान नहीं किया गया तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। घोषित कार्यक्रम के अनुसार 11 से 13 जुलाई तक काली पट्टी बांधकर कार्य, 14 जुलाई को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन, 15 से 17 जुलाई तक असहयोग आंदोलन तथा 18 जुलाई को पटना में अनिश्चितकालीन धरना आयोजित किया जाएगा।
संघ का कहना है कि लंबे समय से लंबित समस्याओं के कारण कर्मचारियों पर मानसिक एवं प्रशासनिक दबाव बढ़ रहा है। यदि समय रहते मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।