
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर दिया जोर
सोनपुर। बिहार सरकार द्वारा राज्य के जिला एवं अनुमंडलीय अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बुधवार को डायलिसिस केंद्र एवं अत्याधुनिक जांच व्यवस्था का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने राज्यस्तर पर इन सुविधाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 15 अगस्त 2026 के बाद किसी भी सदर अस्पताल से मरीजों को रेफर करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, क्योंकि अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं।
इसी कड़ी में सोनपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ‘बब्लू’ ने फीता काटकर डायलिसिस केंद्र एवं जांच व्यवस्था का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक मरीज को उसके नजदीकी अस्पताल में ही गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। अस्पताल में मौजूद समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा तथा प्राप्त शिकायतों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई भी होगी।
उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने की अपील करते हुए कहा कि सेवा भावना के साथ कार्य करना ही स्वास्थ्य व्यवस्था की सबसे बड़ी पहचान है। मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
उद्घाटन समारोह में अस्पताल प्रभारी पूनम देवी, राजीव मुनमुन, अस्पताल प्रबंधक मृत्युंजय पाण्डेय, सुनील दुबे,शिवकांत सिंह,विकास कुमार,वालेश्वर सिंह,अनुमंडल रोगी कल्याण समिति की सदस्य भगवान दास,श्रीमती राणा विमल सिंह, कंचन देवी, भगवान दास, संतोष कुमार सहित अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




Recent Comments