♨सीवान में युवक की हत्या के बाद बवाल व आगजनी 
*✍श्रीनारद संवाद सेवा*

🔸सीवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के माहपुर में  मंगलवार  रात हुई फर्नीचर व्यवसायी की हत्या के मामले ने तूल पकड लिया . हत्या के विरोध में बुधवार को सड़क जाम कर रहे आक्रोशित लोगों ने दिलावरपुर सिंगही स्थित कुख्यात विश्वकर्मा बिन्द के घर में तोड़-फोड़ की और उसके घर को आग के हवाले कर दिया. भीड़ का गुस्सा इतने पर भी शांत नही हुआ और सड़क जाम खाली कराने गयी पुलिस की दो जीप को भी लोगों ने आग के हवाले कर दिया.
गौरतलब हो कि हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित माहपुर गाँव में फर्नीचर व्यवसायी राशिद सरकार की हत्या के बाद नाराज लोगों ने उसकी हत्या में कुख्यात अपराधी विश्वकर्मा बिन्द का हाथ होने की बात कहते हुए विश्वकर्मा बिन्द के गाँव दिलावरपुर सिंगही में हमला बोल उसके घर में जमकर तोड़ फोड़ की फिर घर में आग लगा दिया. लोगों का कहना है कि विश्वकर्मा बिन्द के खिलाफ एक केस में गवाह होने के कारण ही उसके इशारे पर राशिद सरकार की हत्या की गयी.
वहीं मामले में लोगों के आक्रोश को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंची हुसैनगंज थाना और मुफस्सिल थाना पुलिस की गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया. लोगों का उपद्रव बदस्तूर जारी रहा.हत्या के विरोध में आक्रोशित होकर बवाल काट रहे लोगों ने घटना की कवरेज करने गये मीडियाकर्मियों को भी नहीं छोड़ा और उनकी भी दौड़ा दौड़ा कर पिटाई कर डाली.

वहीं राशिद सरकार की हत्या की खबर मिलने के बाद हाल चाल जानने मौके पर पहुंचे राजद विधायक हरिशंकर यादव का भी लोगो ने घेराव कर हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. मृत्तक राशिद स्थानीय  विधायक का काफी करीबी बताया जा रहा है.
 मौके पर पहुंचे सीवान सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्याम बिहारी मीणा और महाराजगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजीत कुमार प्रभात ने हत्या के विरोध में उग्र प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों के साथ वार्त्ता कर न सिर्फ मामले को शांत करा दिया बल्कि मृत्तक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
बता दें कि कि मंगलवार की देर रात एक बजे के करीब माहपुर गाँव के युवा फर्नीचर व्यवसायी राशिद सरकार की अपराधियों ने उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी जब वह अपने छत पर खाना खाकर सो रहे थे . हत्या की जानकारी मिलने के बाद बुधवार की सुबह पुरे माहपुर गाँव के लोग आक्रोशित हो गये और शव को पुलिस को देने से मना कर जमकर उपद्रव मचाया. हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस की दो गाड़ियों को आग के हावले कर दिया वहीं हत्या के शक पर कुख्यात अपराधी विश्वकर्मा बिन्द के घर मे आग लगा दी. स्थिति की गंभीरता को देख सीवान एसपी सौरव कुमार शाह खुद हुसैनगंज थाना पहुँच मामले को मॉनिटरिंग किये और मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्याम बिहारी मीणा के साथ महाराजगंज एसडीपीओ संजीत कुमार प्रभात को भेजा. इन दोनों अधिकारियों ने माहपुर जाकर सड़क जाम कर धरना पर बैठे रघुनाथपुर राजद विधायक हरिशंकर यादव और अन्य ग्रामीणों से वार्ता की. पुलिस और प्रशासन के इन अधिकारियों ने अपराधियों के शीघ्र धर-पकड़ और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. 
तब जाकर लोगों ने सड़क जाम और  प्रदर्शन को खत्म किया और मृत्तक राशिद सरकार के शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस के हवाले किया.
हालाकि एसपी सौरव कुमार शाह के निर्देश पर एहतियातन माहपुर और दिलावरपुर सिंगही गाँव में पुलिस बलों की तैनाती की गयी है.
वहीं पुलिस पुरे मामले की बारीकी से जांच कर रही हैं. पुलिस सूत्रों की माने तो यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस हत्या में विश्वकर्मा बिन्द का हाथ है या फिर किसी  दूसरे  पक्ष की  संलिप्तता है.