सीवान :चावल गायब, ट्रक सुल्तानपुर में बरामद
 भगवानपुर हाट (सिवान) : 
समस्तीपुर से चावल लेकर बंगाल के लिए चला ट्रक मंगलवार को थानाध्यक्ष राकेश मोहन के नेतृत्व में सुल्तानपुर गांव से बरामद किया गया। इस मामले में चावल व्यवसायी समस्तीपुर निवासी रामदयाल राय ने थाना में आवेदन देकर कहा है कि 15 दिसंबर को ट्रक (डब्लू बी 53 ए 4247) से 448 बोरियों में 16 हजार किलो ग्राम चावल बंगाल के लिए भेजा, जिसकी कीमत लगभग साढ़े तीन लाख रुपये होता है। रास्ते से चावल के साथ ही चालक ट्रक लेकर लापता हो गया। उन्होंने कहा है
कि जब निर्धारित समय पर चावल लदा ट्रक सहित गंतव्य तक नहीं पहुंचा तो कुछ अनहोनी की आशंका हुई। काफी खोजबीन के बाद पता चला कि
ट्रक मालिक के यहां खड़ा है। वहां पहुंचने पर ट्रक नहीं मिला। किसी तरह से काफी मशक्कत के बाद पता चला कि ट्रक भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के 
सुल्तानपुर गांव में खड़ा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि व्यापारी की सूचना पर ट्रक बरामद कर लिया गया है। आवेदन मिलते 
ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।