☀पोलियो अभियान की सफलता को लेकर हुई टास्क फोर्स की बैठक
☀छह लाख दो हजार बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य
☀1474 स्वास्थ्यकर्मियों की टीम जाएगी जिले के 5 लाख 75 हजार घरों में

✍️परमार मीडिया नेटवर्क
सीतामढ़ी/07 अक्टूबर:जिले में 11 अक्टूबर से पोलियो राउंड की शुरुआत होगी। अभियान की सफलता को लेकर जिला स्वास्थ्य समिति के सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी अभिलाषा कुमारी शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। टास्क फोर्स की बैठक में सिविल सर्जन डॉ. राकेश चंद्र सहाय वर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एके झा, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. नरेंद्र, स्वास्थ्य विभाग के सभी कार्यक्रम पदाधिकारी, एमओआईसी, केयर डिटीएल मानस कुमार, यूनिसेफ और पिरामल के प्रतिनिधि मौजूद थे।
👉निश्चिंत होकर नवजात को पिलाएं ‘दो बूंद जिंदगी की ‘ :
टास्क फोर्स की बैठक में डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. नरेंद्र ने कोरोना काल में सुरक्षित पोलियो अभियान को लेकर प्रेजेंटेशन दिया। विस्तार से कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। बताया कि हर बार और एक साथ पोलियो की खुराक पिलाने से पूरे क्षेत्र के 05 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों में इस बीमारी से लड़ने की एक साथ क्षमता बढती है। इससे पोलियो विषाणु को किसी भी बच्चे के शरीर में पनपने की जगह नहीं मिलती है। यह खुराक नवजात शिशु को भी पिलानी जरूरी है। निश्चिंत होकर अपने नवजात शिशु को पोलियो की खुराक दिलाएं, क्योंकि इससे किसी भी प्रकार का कोई खतरा नहीं है। यह बच्चों के लिए दो बूंद जिंदगी की है।
👉सुपरवाइजर को मास्क, ग्लव्स और सैनिटाइजर उपलब्ध :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एके झा ने बताया कि छह लाख दो हजार बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में पोलियो राउंड पांच दिनों तक चलेगा। इसके लिए 1474 स्वास्थ्यकर्मियों की टीम को जिम्मेवारी दी गई है। स्वास्थ्यकर्मियों की टीम की देखरेख के लिए 478 सुपरवाइजर को लगाया गया है। सभी सुपरवाइजर को मास्क, ग्लव्स और सैनिटाइजर उपलब्ध करा दिया गया है। बताया कि पोलियो ड्रॉप पिलाते समय यह ध्यान रखना है कि ड्रॉप बच्चे के मुंह से न सटे। कार्यक्रम की सफलता को लेकर पूरे जिले में ओरिएंटेशन हो चुका है। डॉ. झा ने मौके पर मई से जुलाई तक के टीकाकरण की समीक्षा भी की।




Recent Comments