मढ़ौरा(सारण). स्थानीय थाना क्षेत्र के मिर्जापुर में पेट्रोल पंप के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई. इस हादसे से मृतक के परिवार और पूरे पंचायत क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है.प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेथुआ गांव निवासी स्व. राम किशुन राय के 58 वर्षीय पुत्र राजकिशोर प्रसाद यादव किसी कार्य को लेकर अपनी बाइक से मिर्जापुर गए हुए थे.इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े.घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत मढ़ौरा अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, दुर्भाग्यवश छपरा सदर अस्पताल पहुंचते ही उनकी मौत हो गई.राजकिशोर प्रसाद के असामयिक निधन से उनके घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके के लोग मर्माहत हैं.