मेहनत, लगन और गुरुजनों के मार्गदर्शन से हासिल कि इस मुकाम को

रंजन श्रीवास्तव/दैनिक खोज खबर।
तरैया (सारण)। प्रखंड के पोखरेड़ा निवासी स्व. मंगल प्रसाद सिंह एवं स्व. चंद्रिका सिंह के पौत्र डॉ. उत्कर्ष राज ने जननायक कर्पूरी ठाकुर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, मधेपुरा से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर फाइनल परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से परिवार सहित पोखरेड़ा एवं पूरे तरैया क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। डॉ. उत्कर्ष राज ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता नीरू सिंह, पिता रणजीत कुमार सिंह, जो शिक्षक एवं परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष हैं, बड़े पापा जितेंद्र नारायण सिंह, प्रधान लिपिक, बड़ी मां शोभा देवी, बड़े भाई अवनीष कुमार सिंह उर्फ राहुल सिंह एवं मनीष कुमार सिंह उर्फ मुकुल सिंह सहित सभी गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया है। डॉ. उत्कर्ष राज ने कहा कि परिवार के सदस्यों का निरंतर सहयोग, आशीर्वाद और गुरुजनों का मार्गदर्शन उनके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहा। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन, धैर्य और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण आवश्यक है। उन्होंने अपनी सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत और परिवार के विश्वास को महत्वपूर्ण बताया। डॉ. उत्कर्ष राज की सफलता की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों, गुरुजनों एवं स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया जा रहा है। वहीं, बिहार विधानसभा याचिका समिति के अध्यक्ष सह तरैया विधायक जनक सिंह ने भी डॉ. उत्कर्ष राज से मुलाकात कर उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा चिकित्सा के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने डॉ. उत्कर्ष राज की सफलता को परिवार के साथ-साथ पूरे तरैया क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। डॉ. उत्कर्ष राज की यह उपलब्धि यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और परिवार एवं गुरुजनों के मार्गदर्शन से कठिन से कठिन लक्ष्य को भी प्राप्त किया जा सकता है। उनकी सफलता से पोखरेड़ा और तरैया क्षेत्र के युवा विद्यार्थियों को शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है।