
मांझी(सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के रसीदपुर गांव निवासी दिनेश शर्मा के पुत्र सीआरपीएफ जवान प्रमोद कुमार शर्मा की सड़क दुर्घटना में निधन के बाद शुक्रवार की सुबह शव जब गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। शव को देखने के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पत्नी, दोनों पुत्र प्रत्यूष शर्मा व आयुष शर्मा समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पड़ोसी व रिश्तेदार उन्हें समझाने में लगे हुए थे। बता दें कि सीआरपीएफ 218 बटालियन के जवान प्रमोद कुमार शर्मा गुमला झारखंड में तैनात थे। 28 अप्रैल को हुई भीषण सड़क दुर्घटना में उनकी दर्दनाक मौत हो गई थी। पार्थिव शरीर साथ पहुंचे साथी जवानों के द्वारा सलामी देने के बाद सरयू नदी के मांझी घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मुखाग्नि बड़े पुत्र प्रत्यूष शर्मा ने दी। ग्रामीणों ने बताया कि प्रमोद काफी अच्छे स्वभाव के मिलनसार व्यक्ति थे। वे जब भी छुट्टी लेकर गांव आते थे तो आस-पड़ोस के लोगों से मिल कर उनका हाल जरूर पूछते थे। उनके असामयिक चले जाने से हमें काफी दुख है।




Recent Comments