सिवान :शहाबुद्दीन के मामलों की सुनवाई
#परवेज अख्तर/ सिवान : मंडल कारा में गठित विशेष अदालत में शुक्रवार को चार सेशन मामलों की सुनवाई हुई। विशेष अदालत के विशेष सत्र न्यायाधीश वीके शुक्ला की अदालत में शुक्रवार को राजीव रोशन हत्याकांड मामले में गवाही हेतु अभियोजन ने कांड के तत्कालीन आइओ को गवाही हेतु प्रस्तुत किया। विशेष लोक अभियोजक जयप्रकाश सिंह एवं सहायक अपर लोक अभियोजक रघुवर सिंह की उपस्थिति में तत्कालीन आइओ
संजीव कुमार रंजन ने गवाही दी। विशेष लोक अभियोजक जयप्रकाश सिंह ने गवाह का मुख्य परीक्षण आरंभ कराया, किंतु समयाभाव के कारण मुख्य परीक्षण पूरा नहीं किया जा सका एवं अदालत ने शेष मुख्य परीक्षण के लिए दूसरी तिथि निर्धारित कर दी। गवाही के समय अदालत में मो. शहाबुद्दीन के अधिवक्ता अभय कुमार राजन एवं मो. मोबीन भी उपस्थित थे। इसी अदालत में शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज सिंह के भाई मृत्युंजय सिंह की हत्या मामले एवं कमरुल हक अपहरण कांड मामले में भी सुनवाई की गई। दोनों मामलों में शुक्रवार को आरोप गठन के बिंदु पर आदेश पारित होना था, किंतु समयाभाव के कारण शुक्रवार को आदेश पारित नहीं हो सका और अदालत ने मामले में आदेश के लिए दूसरी तिथि निर्धारित कर दी। एक अन्य सेशन मामले में संक्षिप्त सुनवाई की गई।
——————




Recent Comments