सिवान :वीडियो कांफ्रेंसिंग का बीडीओ ने किया बहिष्कार

सीवान:जिले के बड़हरिया प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ हुई मारपीट के बाद पड़ोसी जिले गोपालगंज के सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों में रोष व्याप्त हो गया है। इस घटना के विरोध में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में आयोजित विभागीय सचिव के वीडियो कांफ्रेंसिंग का बहिष्कार करते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इस दौरान यह निर्णय लिया गया कि अगर मांगे पूरी नहीं हुई तो गुरुवार को जिले के सभी बीडीओ हड़ताल पर चले जाएंगे। बीते 12 मार्च को सिवान के बड़हरिया में प्रखंड प्रमुख तथा बीडीओ में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस विवाद को लेकर बीडीओ को मारपीट कर घायल कर दिया गया था। इस घटना के बाद जिले में तैनात प्रखंड विकास पदाधिकारियों में रोष व्याप्त हो गया है। बुधवार को बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर बीडीओ ने इस घटना के विरोध में कलेक्ट्रेट में आयोजित विभागीय सचिव के वीडियो कांफ्रेंसिंग का बहिष्कार कर दिया। बहिष्कार करने के बाद बीडीओ ने जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा। जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सुरक्षा उपलब्ध कराने सहित छह मांगे शामिल हैं। इस संबंध में बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के जिला समन्वयक सह मांझा के बीडीओ अशोक कुमार जिज्ञासु ने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ आए दिन घटनाएं हो रही हैं। कुछ दिन पूर्व उन्हें भी धमकी दी गई थी। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। सदर प्रखंड की बीडीओ किरण कुमारी ने कहा कि काम के दौरान फील्ड में जाना पड़ता है। वहां से देर रात वापस लौटना होता है। लेकिन बीडीओ को कोई सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई है। जिससे कार्यस्थल पर हमेशा भय बना रहता है। जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने यह निर्णय लिया कि अगर बड़हरिया बीडीओ के साथ हुई घटना के दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तथा सभी बीडीओ को सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई तो वे लोग गुरुवार से हड़ताल पर चले जाएंगे।