सिवान :राजस्थान से शव आते  ही गांव में मचा कोहराम, एक साथ जलीं तीन चिताएं
 न्यूज़ इनपुट-परवेज़ अख्तर 
सिसवन (सिवान) : राजस्थान के सवाई माधोपुर में गत 22 दिसंबर को हुए बस हादसे में चैनपुर ओपी क्षेत्र के नयागांव के तीनों मृतकों के शव सोमवार की रात करीब 10 बजे एंबुलेंस से लाए गए। एंबुलेंस के सायरन की आवाज सुनते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजन इस कदर दहाड़ें मारकर रोने लगे कि सायरन की भी आवाज दब गई। रात में ही मां-बेटा और एक पड़ोसी किशोर की चिता एक साथ जली तो मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। 
  गौरतलब हो कि इस घटना में सुनीता देवी, इनके बेटे सुनील और पड़ोसी गौतम की मौत हुई थी। ललिता देवी के पति एवं सुनील के पिता 
असम रायफल के जवान रामानंद राम सोमवार को ही घर पहुंचे थे। वो रोते-रोते सबको संभाल रहे थे। सुनील की पत्नी रिंकी देवी अपने दो माह के बच्चे के साथ रोते-रोते पछाड़ खाकर गिर जा रही थी। सुनील की बहनें सपना एवं सुमन बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। सांसद ओमप्रकाश यादव, जदयू के वरिष्ठ नेता अजय कुमार सिंह, बीडीओ रंजीत कुमार सिंह ने रात में ही पहुंचकर शोकाकुल परिजन को सांत्वना दी। नयागांव पंचायत के मुखिया आनंद सिंह ने कबीर अंत्येष्टि योजना के राशि दी।