सारण जिला भाजपा इकाई के महामंत्री श्रीकांत पाण्डेय के आकस्मिक निधन पर रूडी ने जताया शोक संवेदना

फाइल फोटो श्रीकांत पांडेय
छपरा(सारण), 13 दिसम्बर, 2019 । बहुत दुःखद खबर है कि हमारे अभिन्न सहयोगी और पार्टी की नीतियों को गाँव-गाँव तक पहुंचाने वाले भारतीय जनता पार्टी, सारण जिला इकाई के महामंत्री श्रीकांत पाण्डेय जी का एक सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया। अत्यंत मर्माहत हूँ। शोक की इस घड़ी में यही प्रार्थना है कि भगवान उनकी आत्मा को शांति और परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें! भाजपा, सारण जिला इकाई के महामंत्री श्रीकांत पांडेय के निधन की खबर मिलने पर सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी ने अपना दुःख व्यक्त करते हुए उक्त बाते कही।
श्री रुडी ने कहा कि सारण में सदस्यता प्रमुख रहे श्रीकांत पांडेय जी ने अपनी कार्यकुशलता से सदस्यता अभियान कार्यक्रम को सारण में एक नये मुकाम पर पहुंचाया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की कार्यनीतियों को जन-जन तक पहुंचाने वाले एक अच्छे व्यक्ति और कुशल नेतृत्वकर्ता अब हमारे बीच नहीं रहे। इनकी भरपाई अब कभी संभव नहीं है। विदित हो कि जलालपुर प्रखंड के अनवल देवरिया निवासी भारतीय जनता पार्टी सारण के सदस्यता प्रभारी रहे जिला महामंत्री श्रीकांत पांडेय का उनके गांव के पास ही एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया।
श्री रुडी ने कहा कि इस दुःखद समाचार को सुन कर सहसा विश्वास ही नहीं हो पा रहा है। उन्होंने परिजनों से दूरभाष पर बात कर सांत्वना दी और कहा कि उनके निधन से क्षेत्र के लोगों के अलावा मुझे भी व्यक्तिगत रूप से दुःख है। लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने वाले ऐसे कर्मशील पार्टी कार्यकर्ता का असमय जाना दुःखद है।




Recent Comments