सारण :एकमा में 42 किलो चांदी के साथ दो धराये, रेल पुलिस ने की कार्यवाई

विनीत कुमार, छपरा

पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा सिवान रेलखण्ड पर अवस्थित एकमा स्टेशन पर चांदी के आभूषणों के साथ रेल पुलिस के जवानों ने दो व्यवसायियों को पकड़ा। एकमा स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 2 पर दोनों व्यवसायी आनंदविहार से चलकर सीतामढ़ी जानेवाली 14006 डाउन लिच्छवी एक्सप्रेस से रात्रि करीब 9 बजे उतरे थे। पूछताछ के दौरान व्यवसायी न तो कोई संतोषजनक उत्तर दे पाए और अपने आभूषणों को ले उचित कागज भी रेल पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नही कर पाए जिस कारण दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। व्यवसायियों की गिरफ्तारी सोमवार को हुई थी।
मंगलवार की सुबह छपरा रेल थाने में डीएसपी डॉ अखिलेश कुमार ने पत्रकार वार्ता की। पत्रकार वार्ता में डीएसपी डॉ कुमार ने बताया कि सोमवार को डाउन लिच्छवी एक्सप्रेस से दो को चांदी के आभूषणों के साथ गिरफ्तार किया गया है।  उन्होंने बताया कि बरामद चांदी के आभूषणों का कुल वजन 42.374 ग्राम है। डॉ कुमार ने बताया कि ट्रेन में सामानों की जांच के दौरान ही ये दोनों व्यवसायी रेल पुलिस के हत्थे चढ़ गए। गिरफ्तार व्यवसायियों में एकमा थाना क्षेत्र के हंसराजपुर ग्राम निवासी मोहन कुमार के पुत्र चंदन कुमार व दाउदपुर थानाक्षेत्र के बरेजा ग्राम निवासी ज्ञानचंद सिंह शामिल हैं। पकड़े गए व्यवसायियों ने कहा कि उनके पास जो चांदी है वो उसे गोरखपुर से खरीदकर ला रहे थे। व्यवसायी चंदन ने बताया कि उनके पास सभी आवश्यक कागज मौजूद हैं फिर भी पुलिस उन्हें परेशान कर रही है।
रेल डीएसपी ने बताया कि मामले की पूरी जानकारी सेल टैक्स के अधिकारियों को दी गयी है।
रेल डीएसपी ने छपरा रेल थानाध्यक्ष के कार्यो की सराहना की व कहा कि ट्रेनों में और सघन जांच करवाएं।
इस दौरान रेल थानाध्यक्ष अरविंद कुमार मिश्रा, सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार आदि उपस्थित थे।