सारण :अभाविप ने जेपी विश्विद्यालय के लम्बित परीक्षाओं एवं छात्रसंघ चुनाव की तिथियों का अविलम्ब घोषणा की मांग,  16 सूत्री मांग पत्र के साथ दी 28 जनवरी से आमरण अनशन का अल्टीमेटम 

छपरा 
शुक्रवार को  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का एक 11 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के प्रतिकुलपति अशोक कुमार झा से मिलकर स्नातक, BCA, स्नातकोत्तर सहित सभी लम्बित परीक्षाओं एवं छात्रसंघ चुनाव के तिथि की अविलम्ब घोषणा करने, कॉलेजों में मूलभूत सुविधाएं सुव्यवस्थित करने, सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के लिए परिचय पत्र निर्गत कर कड़ाई से लागू करने, असमाजिक तत्वों के विश्वविद्यालय/महाविद्यालयों में प्रवेश पर रोक लगाने सहित 16 सूत्री मांगपत्र सौंपा गया।
मांगपत्र सौंपने के बाद विद्यार्थी परिषद के विश्वविद्यालय प्रमुख आशुतोष कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार राजभवन का हवाला देकर छात्रों के समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। परीक्षाएं लम्बित होने के कारण छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो गया है इसके साथ ही राजभवन द्वारा निर्देश हो जाने के बावजूद छात्रसंघ की चुनाव की घोषणा नही करना कुलपति के छात्रहित विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
अगर विश्वविद्यालय प्रशासन लम्बित परीक्षाओं एवं छात्रसंघ चुनाव की तिथि की घोषणा अविलम्ब नही करती है तो हम 28 जनवरी से विश्वविद्यालय में आमरण अनशन करेंगें।
मांगपत्र देने वालों में विश्वविद्यालय प्रमुख आशुतोष कुमार, विश्वविद्यालय संयोजक रितेश रंजन, विभाग प्रमुख सह सीनेट सदस्य अखिलेश मांझी, विभाग संयोजक आकाश कुमार, जिला संयोजक रवि पाण्डेय, प्रान्त कार्यकारणी सदस्य अंकित कुमार सिंह, वंशीधर कुमार, विशाल कुमार, नगर मंत्री प्रतीक कुमार, नगर छात्रा प्रमुख शिवांगी कुमारी, कॉलेज अध्यक्षा प्रियंका कुमारी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।