परवेज अख्तर /सीवान
सिवान : नेहरू युवा केंद्र सिवान द्वारा देश को स्वस्थ एवं प्रदूषण मुक्त रखने के उद्देश्य से शनिवार को मैरवा, जीरादेई, भगवानपुर समेत अन्य प्रखंडों में साइकिल दिवस मनाते हुए जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें खिलाड़ियों और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। मैरवा प्रखंड समन्वयक संतोष कुमार सिंह एवं मनोज कुमार के नेतृत्व में निकाली गई साइकिल रैली को संकुल समन्वयक अमितेश कुमार और अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी खुशबू कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राजकीय मध्य विद्यालय मैरवा धाम से रैली मेन रोड, मझौली चौक पहुंच पुन: मैरवा धाम वापस लौटी। इस अवसर पर अमितेश कुमार ने सभी छात्र-छात्राओं के समकक्ष प्रदूषण से मुक्त एवं स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने के लिए साइकिल से यात्रा करने के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं कोच संजय पाठक ने पर्यावरण को स्वच्छ रखने एवं व्यक्ति के स्वस्थ रहने के लिए साइकिल
की सवारी को बेहद उपयुक्त बताया। विद्यालय के प्रधानाचार्य फुलेना यादव ने रैली में शामिल लोगों से रविवार को जल-जीवन-हरियाली के लिए
आयोजित मानव शृंखला में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया। रैली में खेल प्रशिक्षक संजय पाठक, मध्य विद्यालय मैरवा धाम के छात्र- छात्राएं,रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी लक्ष्मीपुर की कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी,शिक्षक सुनील चौहान, देवेंद्र गिरि, अनुज कुमार उपाध्याय, भारती कुमारी,ललन गुप्ता, पुष्पा देवी, ज्योति देवी, अनीता यादव, नेहा सौरव सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।