दैनिक खोज खबर/सोनपुर।आगामी मानसून और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शुक्रवार को सोनपुर प्रखंड के सबलपुर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे बाढ़ निरोधक और तटबंध सुरक्षा कार्यों का जमीनी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने काम की रफ्तार, उसकी गुणवत्ता और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि सबलपुर क्षेत्र में कुल 12 संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहाँ बाढ़ सुरक्षा कार्य होने हैं। वर्तमान में इनमें से 6 जगहों पर काम चल रहा है और लगभग 150 मजदूर काम में लगे हैं। जिलाधिकारी ने इस संख्या को नाकाफी बताते हुए निर्देश दिया कि मजदूरों और मशीनों की संख्या तुरंत बढ़ाई जाए। उन्होंने सभी 12 स्थलों पर एक साथ काम शुरू करने को कहा ताकि जून महीने के अंत तक हर हाल में सारा काम पूरा हो सके। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि बाढ़ सुरक्षा के कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संसाधनों का पूरा उपयोग करते हुए युद्धस्तर पर काम किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से तटबंध के 1.8 किलोमीटर लंबे सबसे संवेदनशील हिस्से को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित करने का निर्देश दिया। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि वे प्रतिदिन का लक्ष्य तय कर काम की निगरानी करें। वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को पुलिस बल के साथ नियमित रूप से मौके पर जाकर प्रगति रिपोर्ट देखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए तटबंधों के पास पर्याप्त मात्रा में बालू की बोरियों का अग्रिम भंडारण करने का भी आदेश दिया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।




Recent Comments