• बक्सा लेकर भाग रहे अपराधियों को दबोचा तो बदमाशों ने चलाई गोली

दैनिक खोज खबर/मांझी (सारण)। थाना क्षेत्र के माड़ीपुर कला गांव में गुरुवार की रात लूटपाट के दौरान हथियारबंद अपराधियों का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। बक्सा लेकर भाग रहे अपराधियों को पकड़ने का प्रयास करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और फरार हो गए। गंभीर रूप से जख्मी युवक को मांझी सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार, माड़ीपुर कला निवासी स्वर्गीय विश्वनाथ सिंह के पुत्र नितेश कुमार सिंह के घर गुरुवार देर रात हथियारबंद अपराधी घुस गए। अपराधियों ने घर में लूटपाट की और सामान लेकर भागने लगे। इस दौरान नितेश कुमार सिंह की नजर अपराधियों पर पड़ गई। उन्होंने साहस का परिचय देते हुए बक्सा लेकर भाग रहे एक अपराधी को दबोच लिया।

अचानक हुए विरोध से घबराए अपराधियों ने खुद को छुड़ाने के लिए नितेश कुमार सिंह पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए पहले मांझी सीएचसी तथा फिर छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी चिंताजनक स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। बताया जाता है कि जख्मी नितेश कुमार सिंह कोलकाता में रहकर ड्राइवरी का कार्य करते हैं और इन दिनों अपने नए घर के निर्माण के उद्देश्य से गांव पर आए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, एसडीपीओ राज कुमार ने भी घटनास्थल का मुआयना कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने बताया कि पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घटना पर चिंता जताते हुए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।