सोनपुर। सोनपुर थाना क्षेत्र के सबलपुर कचहरी बाजार में गुरुवार देर रात भीषण अग्निकांड से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने से एक किराना व हार्डवेयर दुकान तथा एक खाद-बीज दुकान को भारी नुकसान पहुंचा। घटना में करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट होने का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1 बजे सबलपुर कचहरी बाजार स्थित अजय राय की किराना एवं हार्डवेयर दुकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखते ही स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के अधिकारी दीपक कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा दो फ्रीजर, एक फ्रिज, पंखे, किराना का लाखों रुपये का सामान तथा नकदी जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।
आग की तेज लपटों ने बगल में स्थित उपेंद्र राय की खाद-बीज दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा कुछ खाद एवं अन्य सामग्री भी जल गई।
पीड़ित अजय राय, उपेंद्र राय एवं बमबम कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बमबम कुमार ने बताया कि वह गुरुवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 1 बजे आग लगने की सूचना मिली। घटनास्थल पर पहुंचने तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से आग तो बुझा दी गई, लेकिन दुकान का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवारों में मायूसी का माहौल है। स्थानीय बीरेंद्र शर्मा, अविनाश शर्मा, शमशाद सुरज कुमार, शाबिर सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर पीड़ित दुकानदारों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।