व्यवसायी पर जानलेवा हमला कर एक लाख छीना, चार नामजद
#परवेज अख्तर /सिवान :
भगवानपुर हाट (सिवान) : थाना क्षेत्र के मघरी गांव में घर के बाहर बैठे एक व्यवसायी पर चार लोगों ने जानलेवा हमला कर उनके पास रखे एक लाख रुपये छीन लिए। पिता पर हमला होते देख बीच बचाव करने आए उनके दो बेटों को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया है। घटना सोमवार रात की है। इस मामले में घायल व्यवसायी कौशल किशोर सिंह ने मंगलवार की शाम स्थानीय थाना में चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मामले में बताया जाता है कि सोमवार की शाम मघरी गांव निवासी कौशल किशोर सिंह अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी गांव के ही वीरेश सिंह, शशिकांत सिंह, राकेश सिंह एवं रमेश सिंह धारदार हथियार लेकर उनके पास आए ओर मारपीट शुरू कर दी। हो हल्ला की आवाज सुनकर जब घर से दोनों बेटे दौड़कर बाहर आए तो चारों ने उनके दोनों बेटों पर भी जानलेवा हमला किया। इसी बीच पॉकेट में रखे एक लाख रुपया छीन कर सभी फरार हो गए। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी हुई है। सभी नामजद फरार बताए जाते हैं। हालांकि पुलिस का यह भी कहना है कि मामला पूर्व के विवाद से जुड़ा लग रहा है जांच की जा रही है।
————–