• मुख्यमंत्री नीतीश कुमार होंगे मुख्य अतिथि, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विशिष्ट अतिथि
• सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी की पहल पर हो रहा है ऐतिहासिक आयोजन
• बैठक में मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, गृह सचिव, वित्त सचिव, बिहटा एयरफोर्स कमांडेंट, समेत कई वरिष्ठ अधिकारी हुए शामिल
• आकाशगंगा पैराजंपर्स उतरेंगे वीर कुंवर सिंह की तस्वीर व तिरंगे एरोबेटिक टीम और आकाशगंगा पैरा जंप टीम करेंगी रोमांचक प्रदर्शन
• कार्यक्रम का आयोजन 26 जनवरी और 15 अगस्त की तर्ज पर
• न्यायाधीश, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, पत्रकार और बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजे जाएंगे औपचारिक निमंत्रण
• 23 अप्रैल को आमजन और विशिष्ट अतिथियों के लिए विशेष प्रबंध
• पेयजल, यातायात, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए विस्तृत योजना तैयार
• पटना, सारण और हाजीपुर से आने वाले वाहनों के संचालन हेतु समन्वय
• स्कूली बच्चों के लिए बैठने की विशेष व्यवस्था, आयोजन स्थल पर लगाए जाएंगे बड़े जर्मन हैंगर

दैनिक खोज खबर/पटना (16 अप्रैल 2025)। सारण सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की पहल पर आयोजित हो रहे बाबू वीर कुंवर सिंह शौर्य दिवस विजयोत्सव के तहत भारतीय वायुसेना के एयरो शो को लेकर मंगलवार की शाम पाँचवीं उच्च स्तरीय बैठक उप मुख्यमंत्री कार्यालय में संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता राज्य के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की।
बैठक में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम एवं आकाशगंगा पैरा जंपर्स टीम द्वारा 22 और 23 अप्रैल को होने वाले प्रदर्शन की गहन समीक्षा की गई। बैठक में सांसद राजीव प्रताप रूडी के साथ राज्य के मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, गृह सचिव अरविंद कुमार चौधरी, वित्त सचिव आनंद किशोर, बिहटा एयरफोर्स के कमांडेंट, पटना जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  अवकाश कुमार सहित पटना जिला प्रशासन के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, भीड़ नियंत्रण, इवैक्यूएशन प्लान, और यातायात प्रबंधन के लिए समुचित इंतजाम किए जाएंगे। पटना, सारण, सिवान, गोपालगंज और हाजीपुर से आने वाले वाहनों का संचालन सुनियोजित ढंग से होगा ताकि जेपी सेतु और महात्मा गांधी सेतु पर अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। इसके लिए छपरा, वैशाली और पटना पुलिस समन्वय में कार्य करेगी।स्कूली बच्चों के लिए बैठने की विशेष व्यवस्था की जा रही है ताकि वे इस रोमांचक और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आनंद ले सकें। गंगापथ पर बड़े जर्मन हैंगर लगाए जाएंगे जिससे दर्शकों को सूर्यकिरण और आकाशगंगा टीम के प्रदर्शन को देखने में सुविधा हो।कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण होंगे आकाशगंगा के पैराजंपर्स, जो बाबू वीर कुंवर सिंह के चित्र और भव्य तिरंगे के साथ गंगा पथ पर मुख्य अतिथि नीतीश कुमार के सामने उतरेंगे। यह कार्यक्रम 26 जनवरी और 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्वों की भांति गरिमामयी और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार इसमें मुख्य अतिथि, जबकि उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में जज, पत्रकार, विधायक, केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार के मंत्रीगण सहित अनेक विशिष्ट व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाएगा।यह आयोजन राज्य सरकार और जिला प्रशासन के समन्वय से आयोजित किया जा रहा है और आज संपन्न हुई यह बैठक तैयारियों की दृष्टि से पाँचवीं प्रमुख बैठक थी।