
नगरा।खैरा थाना क्षेत्र के कृष्णा चौक के समीप रविवार की संध्या तेज रफ्तार मिनी पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई.हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि वाहन पर सवार अन्य दो युवकों में एक फरार हो गया और दूसरे को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.मृतक की पहचान अमनौर थाना क्षेत्र के बालडीहां गांव निवासी नंदकिशोर राय के 28 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है.दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों की मदद से पलटी हुई पिकअप को सीधा किया गया और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नगरा पहुंचाया गया,जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मिनी पिकअप नगरा से छपरा की ओर तेज गति से जा रही थी.कृष्णा चौक के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा,जिससे पिकअप सड़क किनारे पलट गई.वाहन पर कुल तीन युवक सवार थे. हादसे के बाद एक युवक मौके से फरार हो गया,जबकि दूसरे युवक को खैरा पुलिस ने हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है.घटना की सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष चंदा कुमारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.




Recent Comments